
रतलाम। जिले में पुलिस ने बड़ी और सुनियोजित कार्रवाई करते हुए पोल्ट्री फार्म की आड़ में संचालित सिंथेटिक ड्रग (एमडी/एमडीएमए) बनाने की अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। रात में की गई इस कार्रवाई में अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय मुख्य सरगना सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मौके से 200 ग्राम तैयार एमडी ड्रग्स, बड़ी मात्रा में केमिकल और निर्माण में उपयोग होने वाले उपकरण जब्त किए गए हैं।
पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि गिरफ्तार मुख्य आरोपी जमशेद खान उर्फ सेठ के खिलाफ राजस्थान, गुजरात और मध्यप्रदेश में पहले से कई प्रकरण दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी से एक संगठित ड्रग मैन्युफैक्चरिंग नेटवर्क का बड़ा खुलासा हुआ है।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि दबिश से एक दिन पहले ही करीब 3 किलो एमडी ड्रग्स एक पार्टी को सप्लाई की गई थी। पुलिस अब पूरी सप्लाई चेन की कडिय़ां जोडऩे में जुटी है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, थाना पिपलोदा क्षेत्र के ग्राम बोरखेड़ा स्थित एक पोल्ट्री फार्म, जो सलीम पिता अहमद खान का है, वहां अवैध रूप से ड्रग निर्माण किया जा रहा था। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार के मार्गदर्शन में एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय के नेतृत्व में सायबर सेल, पिपलोदा, जावरा शहर और औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई।
सोमवार-मंगलवार की रात टीम ने घेराबंदी कर फार्म पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगे, लेकिन टीम ने चारों ओर से घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों में रईस खान (35) निवासी राकोदा, युसूफ (45) निवासी बोरखेड़ा, सलीम उर्फ राजू (40) निवासी बन्नाखेड़ा तथा जमशेद खान उर्फ सेठ (42) निवासी देवल्दी, जिला प्रतापगढ़ (राजस्थान) शामिल हैं। चारों आरोपी केमिकल के जरिए एमडी ड्रग तैयार कर रहे थे। पूछताछ में आरोपियों ने अवैध ड्रग फैक्ट्री संचालित करना स्वीकार किया है। उनके खिलाफ थाना पिपलोदा में अपराध क्रमांक 92/2026 धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका: इस बड़ी कार्रवाई में एसडीओपी संदीप मालवीय, थाना प्रभारी रमेश कोली, सायबर सेल प्रभारी अमित कोरी सहित पुलिस टीम के कई अधिकारियों और जवानों की अहम भूमिका रही।
यह प्रोसेसिंग उपकरण जब्त किए
तलाशी के दौरान 200 ग्राम एमडी (कीमत करीब 20 लाख रुपए), 2-ब्रोमो-4 मिथाइल प्रोपिओफेनोन (900 ग्राम), एमडीसी केमिकल (140.48 किलोग्राम), एचसीएल केमिकल (35.600 किलोग्राम) सहित गैस सिलेंडर, चूल्हा, भट्टी, ड्रायर मशीन, इलेक्ट्रिक बोर्ड, प्लास्टिक कैन, स्टील के बर्तन व अन्य प्रोसेसिंग उपकरण तथा तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए।
