
झाबुआ. झाबुआ जिले की बामनिया चौकी क्षेत्र के अमरगढ़ गांव में शुक्रवार शाम गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। खोरी फलिया स्थित तालाब में 12 वर्षीय बच्ची पुष्पा गणावा डूब गई, जिससे उसकी मौत हो गई। पुष्पा चांपानेर की रहने वाली थी।
जानकारी के अनुसार, परिवार में दादाजी के निधन के बाद तीसरे का कार्यक्रम चल रहा था और परिजन भोजन की तैयारियों में व्यस्त थे। इसी दौरान पुष्पा अपनी छोटी बहन हंसा के साथ घर में स्थापित छोटी गणेश प्रतिमा का विसर्जन करने तालाब पहुंची थी। प्रतिमा विसर्जन के दौरान अचानक पैर फिसलने से पुष्पा गहरे पानी में चली गई।
हंसा ने तुरंत घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद आसपास काम कर रहे मिस्त्रियों और परिजनों ने बच्ची को बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में पुष्पा के पिता मोहन ने तालाब में उतरकर उसकी तलाश की और करीब आधे घंटे बाद शव को बाहर निकाला। तब तक बच्ची की मौत हो चुकी थी।
