
जबलपुर। स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत जबलपुर रेल मंडल के रेलवे स्टेशनों पर शुक्रवार को विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा के मार्गदर्शन में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चल रहे अभियान के तहत जबलपुर, मदन महल, कटनी, सतना, रीवा, दमोह, सागर, श्रीधाम, नरसिंहपुर, गाडरवारा और पिपरिया सहित विभिन्न स्टेशनों के यात्री सुविधा क्षेत्रों में साफ-सफाई कर स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित रेल परिसर बनाए रखने पर जोर दिया गया।
इसी क्रम में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शशांक गुप्ता के नेतृत्व में वाणिज्य विभाग के कार्यालयों और परिसरों की भी सफाई की गई। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता के प्रति सजग रहने के लिए जागरूक किया, वहीं पुराने अभिलेखों के उचित निष्पादन की कार्रवाई भी की गई। स्टेशनों पर यात्रियों और आमजन से संवाद कर कचरा निर्धारित स्थान पर डालने तथा परिसर को स्वच्छ रखने की अपील की गई। साथ ही उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से स्वच्छता संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं। रेलवे प्रशासन का उद्देश्य अभियान के जरिए स्टेशनों को स्वच्छ-सुंदर बनाए रखने के साथ यात्रियों की स्वच्छता में सहभागिता बढ़ाना है।
