जबलपुर: शहर की सुरक्षित यातायात व्यवस्था को सुदृढ करने की दिशा में नगर निगम, जिला एवं पुलिस प्रशासन के संयुक्त तत्वाधान में शांति और सद्भाव के साथ सडक़ों से अतिक्रमणों को हटाने एवं लेफ्ट टर्न को अतिक्रमण मुक्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। रविवार को आई.एस.बी.टी. दीनदयाल चौक एवं उसके आस-पास के क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाकर सडक़ एवं लेफ्ट टर्न को अतिक्रमण मुक्त किया गया। यातायात व्यवस्था को सुगम बनाया गया।
इसी प्रकार रामपुर से गोरखपुर तक कार्रवाई की गयी और मार्ग के किनारे अवैध रूप से लगे ठेले टपरे को हटाने के साथ-साथ स्थाई एवं अस्थाई अतिक्रमणों को भी हटाया गया। अब यह कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। अतिक्रमण हटाओ अभियान के अंतर्गत विद्युत पोलों पर लगे फटे पुराने एवं अन्य बैनर पोस्टरों को भी हटाने की कार्रवाई की गयी। प्रशासन की इस कार्रवाई की नागरिकों ने सराहना की है। कार्रवाई के दौरान मौके पर अपर आयुक्त अरविन्द शाह, अतिक्रमण अधिकारी मनीष तड़से, सहायक अतिक्रमण अधिकारी अखिलेश भदौरिया, और दलप्रभारी लक्ष्मण कोरी, बृजकिशोर तिवारी, जे प्रवीण, अभिषेक समुद्रे, अंकित पारस, कुलदीप त्रिपाठी आदि उपस्थित रहे।
नागरिकों-व्यापारियों ने किया समर्थन, कार्रवाई की सराहना
इस कार्रवाई का शहर के नागरिकों एवं व्यापारियों ने समर्थन किया है और प्रशासन की कार्रवाई की सराहना करते हुए मॉंग भी की है कि अतिक्रमण हटाने की मुहिम शहर के सभी क्षेत्रों एवं मार्गो पर होनी चाहिए इससे एक ओर जहॉं दुर्घटनाएॅं नहीं होगी, वहीं दूसरी और यातायात व्यवस्था भी ठीक होगा तथा तिराहे, चौराहे पर ठेले टपरे न होने के कारण अपराध भी घटित नहीं होगें।
