
इंदौर. सरोगेसी से जुड़े विवाद में एक परिवार ने महिला पर 60 से 65 लाख रुपए वसूलने और धमकाने का आरोप लगाया है. वर्ष 2019 में पति पर दुष्कर्म का केस दर्ज होने के बाद समझौता हुआ था, लेकिन इसके बाद भी रुपए मांगने का आरोप है. अन्नपूर्णा पुलिस ने आरोपी महिला दीपा कोटे को गिरफ्तार किया है.
लोकमान्य नगर में रहने वाली कृतिका तलरेजा ने पुलिस को बताया कि उनकी शादी 7 दिसंबर 1997 को संतोष तलरेजा से हुई थी. उनकी बेटी न्यूरोलॉजिकल बीमारी से पीड़ित है. इसके बाद पति ने सरोगेसी के जरिए संतान की योजना बनाई। इस दौरान उनकी मुलाकात दीपा कोटे से हुई, जो सरोगेट मदर बनने के लिए तैयार हुई, इसके बाद दोनों के दो बच्चे हुए. कृतिका का आरोप है कि अक्टूबर 2019 में दीपा ने उनके पति के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कराया था. बाद में समझौता हुआ. आरोप है कि समझौते के नाम पर 40 लाख रुपए दिए गए, लेकिन इसके बाद भी ब्लैकमेलिंग जारी रही. महिला ने कथित तौर पर 20 से 25 लाख रुपए और मांगे. फरियादी ने 60 से 65 लाख रुपए दिए जाने का दावा किया है. फरियादी ने आरोप लगाया कि दीपा कुछ लोगों के साथ उनके घर पहुंची और हंगामा किया. वह संतोष को अपने साथ ले जाने की जिद करने लगी. विरोध करने पर परिवार को जान से मारने और झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप है. फरियादी ने महिला पर अन्य लोगों को भी इसी तरह परेशान करने की बात कही है. मामले में अन्नपूर्णा थाना प्रभारी हितगोपाल यादव ने बताया कि महिला के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज किया है. मामले की जांच की जा रही है. संबंधित पक्षों के बयान होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम के बारे में स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा.
