जबलपुर: होली के पूर्व फागोत्सव की रंगीन छटा उस समय जीवंत हो उठी जब धर्म संस्कृति सांस्कृतिक संगठन की महिलाओं ने “फाग के रंग कान्हा की सखियों के संग” थीम पर होटल समदड़िया इन, जबलपुर में फूलों की भव्य होली का आयोजन किया। पूरा परिसर पुष्प वर्षा, भक्ति गीतों और राधा-कृष्ण की सजीव झांकियों से मानो वृंदावन धाम में परिवर्तित हो गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों भागवत आचार्य निशा तिवारी, अर्चना पुरुषोत्तम तिवारी, यामिनी अन्नू सिंह तथा रूपा राव द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं श्री गणेश वंदना के साथ हुआ। दीपों की ज्योति के साथ ही वातावरण में “राधे-राधे” और “होली खेले रघुवीरा” की गूंज सुनाई देने लगी।
फूलों की वर्षा में सजीव हुई राधा-कृष्ण लीला
मंच पर राधा-कृष्ण की सजीव झांकियों ने सभी का मन मोह लिया। सखियों संग कान्हा की फूलों की होली ने उपस्थित महिलाओं को भाव-विभोर कर दिया। गुलाब, गेंदा और रंग-बिरंगे पुष्पों की वर्षा के बीच पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाएं फाग गीतों पर थिरकती नजर आईं। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो ब्रज की गलियों में स्वयं श्रीकृष्ण संग सखियां होली खेल रही हों।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
महिलाओं द्वारा प्रस्तुत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों और मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों ने आयोजन को और भी भव्य बना दिया। भक्ति गीतों, फाग गीतों और समूह नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन नेहा उपाध्याय एवं विशाखा दुबे ने किया। धर्म संस्कृति सांस्कृतिक संगठन की अध्यक्ष कविता दुबे एवं उनकी टीम के प्रयासों से कार्यक्रम सुव्यवस्थित और गरिमामय रूप में संपन्न हुआ
