
जबलपुर। शासकीय दृष्टिबाधितार्थ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय/राज्यपाल कल्याण संस्थान के एक दृष्टिबाधित छात्र की अमरकंटक में डूबने से मौत हो गई। यह हादसा रविवार को शैक्षणिक भ्रमण के दौरान हुआ। मृतक छात्र की पहचान शिरीष (सीरीज) नामदेव (24 वर्ष) निवासी रीवा के रूप में हुई है, जो महाकौशल कॉलेज में राजनीति विज्ञान से एमए का छात्र बताया जा रहा है। प्रभारी प्राचार्य डॉ. शिवेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि लगभग 45 छात्र शैक्षणिक भ्रमण पर अमरकंटक गए थे। दोपहर लगभग 12 से 1 बजे के बीच कुछ छात्रों ने नर्मदा नदी के कपिलधारा क्षेत्र में स्नान करने की इच्छा जताई। अनुमति मिलने के बाद छात्र घाट पर नहाने गए और वापस लौट आए। इसी दौरान शिरीष नामदेव अचानक बिना किसी को बताए दोबारा पानी में उतर गया। मौजूद लोगों ने उसे आवाज देकर रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह गहरे पानी की ओर बढ़ गया। जब तक उसे बचाने की कोशिश की जाती, वह डूब चुका था।
दोपहर 1 बजे के हुआ हादसा, 3 बजे मिला शव
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर 1 बजे के आसपास वह लापता हुआ और करीब 3 बजे के बाद उसका शव बरामद किया गया। बताया गया कि घटना के समय छात्रावास के कर्मचारी कुछ अन्य बच्चों को लेकर बाथरूम की ओर गए हुए थे। हादसे की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई, पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद पुलिस एवं छात्रावास कर्मचारियों की मौजूदगी में शव परिजनों के लिए रीवा रवाना कर दिया गया। छात्र के साथी छात्र भी उसके साथ रीवा के लिए रवाना हुए।
विधिवत अनुमति नहीं मिलने का आरोप
इधर, घटना को लेकर कई सवाल भी उठाए जा रहे हैं। आरोप है कि भ्रमण के लिए सामाजिक न्याय विभाग से विधिवत अनुमति नहीं ली गई थी। कुछ लोगों ने प्रभारी डॉ. परिहार की भूमिका की जांच और उनके विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। प्रशासनिक स्तर पर भी घटना की जानकारी संबंधित अधिकारियों को भेजी गई है। घटना से संस्थान और छात्र समुदाय में शोक का माहौल है।
