बिगड़ैल यातायात व्यवस्था सुधारने ट्रैफिक पुलिस ने लागू की जीरो टॉलरेंस की नीति

इंदौर: शहर में बढ़ती वाहनों की संख्या और बिगड़ेल यातायात व्यवस्था पर नियंत्रण के लिए यातायात पुलिस ने जीरो टॉलरेंस की नीति लागू कर दी है, नियम तोड़ने वालों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई की जा रही है.महानगरों की तर्ज पर शहर के 42 चिन्हित वन-वे मार्गों पर रांग साइड वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सीधे एफआईआर दर्ज की जा रही है. पुलिस का कहना है कि बार-बार चेतावनी के बाद भी नियमों की अनदेखी करने वालों को अब बख्शा नहीं जाएगा.

राजवाड़ा, सराफा और एमजी रोड जैसे प्रमुख बाजार क्षेत्रों में क्लीन स्वीप अभियान चलाकर अवैध रूप से खड़े 100 से अधिक वाहनों को क्रेन से उठाकर जब्त किया गया. इस कार्रवाई के साथ ही पुलिस ने व्यापारियों को ग्राहकों के लिए उचित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. विजय नगर पलासिया और भंवरकुआं चौराहों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया जिसमें एक ही दिन में हजार से अधिक बिना हेलमेट चालान काटे गए. 17 बार नियम तोड़ने वाले वाहनों को मौके पर ही राजसात करने की कार्रवाई भी की गई. पुलिस अधिकारियों के अनुसार यातायात व्यवस्था सुधारने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा.

यह बोले नागरिक
केवल चालान नहीं, बल्कि स्थायी व्यवस्था जरूरी है. प्रमुख चौराहों पर स्मार्ट सिग्नल, सीसीटीवी निगरानी और सख्त वन-वे पालन से अव्यवस्था कम होगी. साथ ही सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करना भी समय की मांग है.
– मनोहर कुमार

ट्रैफिक व्यवस्था तभी सुधरेगी, जब नागरिक भी जिम्मेदारी निभाएं. हेलमेट अनिवार्यता निर्धारित पार्किंग और रांग साइड पर पूर्ण रोक के साथ स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता अभियान चलाए जाएं, ताकि नियम पालन आदत बने मजबूरी नहीं.
– मुन्ना कुन्हारे

बढ़ते वाहनों को देखते हुए वैकल्पिक मार्गों का विकास मल्टीलेवल पार्किंग और अतिक्रमण हटाने की नियमित कार्रवाई आवश्यक है. तकनीक आधारित ई-चालान प्रणाली और बार-बार उल्लंघन पर कड़ी दंड व्यवस्था से यातायात अनुशासन मजबूत होगा.
– वहीद शेख

Next Post

अनुशासन, नेतृत्व व टीम भावना के लिए खेल जरूरी

Sat Feb 21 , 2026
सीहोर। आक्सफोर्ड हायर सेकेंड्री स्कूल में 31 वां वार्षिक खेल समारोह का समापन हुआ. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विद्यालय के पूर्व छात्र डॉ. अंकित चांडक, बीएमओ इछावर, विशिष्ट अतिथि रोटे. मधुर विजयवर्गीय, श्वेता विजयवर्गीय, अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी बुशरा खान गौरी उपस्थित थे. इस दौरान बैंड ग्रुप द्वारा अतिथियों को गार्ड ऑफ […]

You May Like