सीहोर। आक्सफोर्ड हायर सेकेंड्री स्कूल में 31 वां वार्षिक खेल समारोह का समापन हुआ. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विद्यालय के पूर्व छात्र डॉ. अंकित चांडक, बीएमओ इछावर, विशिष्ट अतिथि रोटे. मधुर विजयवर्गीय, श्वेता विजयवर्गीय, अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी बुशरा खान गौरी उपस्थित थे.
इस दौरान बैंड ग्रुप द्वारा अतिथियों को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. छात्र-छात्राओं ने परेड कर अतिथियों को सलामी दी. साथ ही फाउण्डेशनल स्टेज व अन्य कक्षा के विद्यार्थियों द्वारा समूह नृत्य, एकल नृत्य, कविताओं की प्रस्तुति दी गई.
इस अवसर पर डॉ. अंकित चांडक ने प्रतिभागियों एवं विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों के लिए शिक्षा के साथ-साथ विद्यालयीन खेलकूद भी आवश्यक होते हैं. इससे विद्यार्थियों के व्यक्तित्व में विकास होता है. विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ किसी न किसी खेल में भाग लेना चाहिए.
मधुर विजयवर्गीय ने खेल में भाग लेने वाले विद्यार्थियों तथा अनुशासन का पालन करने के लिए उपस्थितजनों की सराहना की. विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में विजेता टीम एवं एकल वर्ग में विभिन्न विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए. अंतर्राष्ट्रीय, राष्ट्रीय, राज्य तथा संभाग स्तर पर खिलाडिय़ों द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर सम्मानित किया गया. पालकों के लिए भी खेल प्रतियोगिता आयोजित कर प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया. खेल शिक्षक सुमित शर्मा को स्मृतिचिह्न भेंट प्रदान किए. अंत में बीटिंग द रिट्रीट के द्वारा झण्डा उतारा गया व राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ. इस मौके पर संस्था अध्यक्ष एड. जॉली कुरियन, प्राचार्य डॉ. बीना जे. कुरियन, साक्षी गोगिया, ज्योति शर्मा, मोनिका, शालिनी तिवारी सहित पालक उपस्थित थे.
