सिंहस्थ से पूर्व ब्लैक स्पॉट्स सुधार, रिफ्लेक्टर और संकेतक लगाएं

उज्जैन: महाकुंभ 2028 से पहले जितनी तेजी से विकास कार्य निर्माण कार्य हो रहे हैं. ऐसे में सड़कों का रखरखाव भी जरूरी हो गया है. दुर्घटनाएं न हो इसके लिए रिफ्लेक्टर लगाए जाएं, ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए जाएं, उसमें सुधार किए जाएं और सीसीटीवी-जीपीएस भी दुरुस्त किए जाएं.

ये दिशा निर्देश उज्जैन कलेक्टर रोशन कुमार सिंह द्वारा गुरुवार को दिए गए. कलेक्टर रौशन कुमार सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्टर कार्यालय सभागृह में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें सड़क सुरक्षा और शहर में चल रहे मार्ग चौड़ीकरण कार्यों की समीक्षा की गई. बैठक में कलेक्टर ने वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए और कहा कि यातायात नियमों के पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. बैठक एवं निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ श्रेयांश कूमट, एडीएम अत्येन्द्र सिंह गुर्जर, एएसपी आलोक शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे.

सीसीटीवी और जीपीएस लगाएं
कलेक्टर ने स्कूल संचालकों को निर्देशित किया कि स्कूल वाहनों में विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरा और जीपीएस सिस्टम अनिवार्य रूप से लगाए जाएं तथा आरटीओ द्वारा फिटनेस का सत्यापन सुनिश्चित किया जाए. सड़क दुर्घटनाओं में घायल नागरिकों को गोल्डन अवर में त्वरित उपचार और समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध हो सके, इसके लिए सभी विभागों को समन्वय बनाकर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए.

दुर्घटना में गिरावट
आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025 की तुलना में 2026 में 1 जनवरी से 15 फरवरी तक सड़क दुर्घटनाओं के प्रकरणों की कमी आई है तथा घायलों की संख्या में भी गिरावट दर्ज की गई है. वर्ष 2025 में हेलमेट न लगाने पर 13,892 और सीट बेल्ट न लगाने पर 3,240 चालानी कार्रवाई की गई.

चौड़ीकरण का अवलोकन
कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने नगर निगम द्वारा किए जा रहे मार्ग चौड़ीकरण कार्यों का निरीक्षण किया. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इन कार्यों को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए. निरीक्षण के दौरान मंछामन मार्ग, कोयला फाटक से कंठाल चौराहा तथा खजूर वाली मस्जिद से केडी गेट चौराहे तक चल रहे निर्माण कार्यों का अवलोकन किया गया. कलेक्टर ने संबंधित ठेकेदारों को तय समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने और निर्धारित मापदंडों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. नगर निगम के अधिकारियों को निर्माण स्थल पर उपस्थित रहकर कार्य की गति बढ़ाने तथा गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा गया. उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रगतिरत कार्यों की अब उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है, इसलिए जिम्मेदारी के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण किया जाए.

Next Post

मेट्रो सुपर कॉरिडोर से आगे उप सीएमआरएस दल द्वारा निरीक्षण

Fri Feb 20 , 2026
इंदौर: मेट्रो रेल को मालवीय नगर चौराहे तक संचालित करने के लिए सहायक सीएमआरएस का दल तकनीकी और सिविल दोनों सेक्टर का निरीक्षण कर रहा है. उक्त सीएमआरएस का दल अगले दो दिन भी यही कार्य करेगा. इसके बाद दिल्ली जाकर रिपोर्ट देगा. रिपोर्ट देखने के बाद चीफ कमिश्नर मेट्रो […]

You May Like