
शाजापुर। जिले में शिक्षा की तस्वीर बदलने की तैयारी तेज हो गई है. बेहतर संसाधन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण के लक्ष्य के साथ स्थापित सांदीपनि स्कूलों को अब विद्यार्थियों से भरने की कवायद शुरू हो गई है. शिक्षा विभाग ने 55 प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों की मर्ज सूची जारी कर दी है, जिससे आने वाले समय में जिले की स्कूली व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा.
जिले में कुल 6 सांदीपनि स्कूल भवन तैयार हो चुके हैं. इनमें अब तक केवल डॉ. भीमराव आंबेडकर सांदीपनि स्कूल में कक्षाएं संचालित हो रही थीं. शेष पांच स्कूलों में निर्माण पूर्ण होने और उद्घाटन के बाद अब कक्षाएं शुरू करने की तैयारी अंतिम चरण में है. विभाग का मानना है कि मर्ज के बाद विद्यार्थियों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं, विषय विशेषज्ञ शिक्षक और समृद्ध शिक्षण वातावरण मिलेगा. हालांकि मर्ज सूची को लेकर विसंगतियां भी सामने आई हैं. एकीकृत माध्यमिक विद्यालय महालक्ष्मी 209 नामांकन, नीमवाड़ी 90 नामांकन, लोंदिया 83 और तेलीवाड़ा 44 में पर्याप्त नामांकन होने के बावजूद इन्हें सूची में शामिल किया है. वहीं 5 किमी दायरे में 20 से कम छात्र संख्या वाले कई स्कूल सूची से बाहर हैं. इससे बेहतर संचालित होने वाले स्कूलों के अस्तित्व पर संकट के हालात बन गए हैं.
इन सांदीपनि स्कूलों में यह स्कूल होंगे मर्ज
सरदार वल्लभ भाई पटेल सांदीपनि स्कूल शाजापुर में प्रावि मूलीखेड़ा, एकीकृत मावि लोंदिया, एकी. मावि महालक्ष्मी, प्रावि पांडूखोरा, मावि मूलीखेड़ा, प्रावि लालपुरा, विजाआ शाजापुर, मावि नीमवाड़ी, विजाआ मावि शाजापुर, प्रावि ज्योतिनगर, प्रावि लक्ष्मीनगर, एकी. तेलीवाड़ा, प्रावि मगरिया, प्रावि पुलिस लाईन, प्रावि सोमवारिया, प्रावि मगरिया शहर, एकी. मावि मीरकला, प्रावि मीरकला, उर्दू प्रावि महूपुरा, प्रावि आवास कॉलोनी कांजा मर्ज होगा.
मिहिर भोज सांदीपनि स्कूल सुंदरसी में प्रावि धरमखेड़ा, प्रावि डूंगरापुरा, प्रावि भेरूपुरा, प्रावि हाफाखेड़ा, प्रावि कल्याणपुरा, प्रावि दशहराबर्डी, प्रावि रतनपुरा, प्रावि टांडादेवास, प्रावि जोरापुरा, प्रावि रूपापुरा, प्रावि रंजीतपुरा, एकी. मावि खामखेड़ा, एकी. मुरादुपरा लोंदिया, मावि जोरापुरा, मावि आसेर मर्ज होगा.
महाराणा प्रताप सांदीपनि स्कूल अकोदिया में एकीकृत कन्या मावि अकोदिया, माध्यमिक विद्यालय कोहलिया, एकीकृत मावि चापडिया, एकीकृत मावि फुलेन, प्राथमिक विद्यालय कोहलिया मर्ज होगा.
मां शारदा सांदीपनि स्कूल शुजालपुर में मावि निपानिया हिसामुद्दीन, मावि खेड़ीनगर, मावि लसुड़ल्या हेजम, प्रावि कमलिया, प्रावि नान्दासुरा, प्रावि भादाहेड़ी, प्रावि फतेहपुर, प्रावि ताजपुर उकाला, प्रावि छापरा चितोड़ाए प्रावि सटेण्डी मर्ज होगा.
राजा भोज सांदीपनि स्कूल पोचानेर में एकीकृत मावि शेरपुरा, एकीकृत मावि बदलपुर, मावि गाडराखेड़ी, प्रावि गाडराखेड़ी मर्ज होगा.
7 से 8 किमी के दायरे में आने वाले होंगे मर्ज
सांदीपनि स्कूलों को सशक्त बनाने के लिए 7 से 8 किलोमीटर के दायरे में संचालित प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों को मर्ज किया जा रहा है. मर्ज के बाद शहरी क्षेत्र के स्कूल नगर पालिका के पास और ग्रामीण क्षेत्र के स्कूल पंचायत के अधीन रहेंगे. जानकारी के अनुसार खाली होने वाले भवनों का उपयोग किराए के कमरों में संचालित आंगनवाडिय़ों के स्थाई भवन के रूप में किया जाएगा. शिक्षा विभाग का दावा है कि अकोदिया सांदीपनि स्कूल में पहले हुए मर्ज के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं. वहां प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों से आए विद्यार्थियों का प्रदर्शन बेहतर हुआ है तथा हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उनका स्तर पहले से काफी सुधरा है.
इनका कहना है
सांदीपनि स्कूलों में जो भी स्कूल मर्ज किए जा रहे हैं. वे बस के क्राइटेरिया अनुसार यानी 7 से 8 किलोमीटर के स्कूल हैं. इसका चयन बस के आधार पर हुआ है. नामांकन नहीं देखे गए. हमारा लक्ष्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के बच्चों को प्रवेश देकर ज्यादा से ज्यादा सुविधा उपलब्ध करवाना है.
– राजेंद्र शिप्रे, जिला शिक्षा अधिकारी, शाजापुर
