दो चरणों में होगी जनगणना, पहला चरण अप्रैल से होगा शुरू

इंदौर: जिले में जनगणना 2027 की व्यापक तैयारियां शुरू हो गई है. जिले में दो चरणों में जनगणना का कार्य होगा. पहला चरण अप्रैल 2026 से प्रारंभ होगा. दूसरा चरण फरवरी 2027 में आयोजित होगा. यह जानकारी आज यहाँ कलेक्टर श्री शिवम वर्मा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई जनगणना संबंधी जिला समन्वय समिति की पहली बैठक में दी गई. बैठक में जनगणना संबंधी नियम और निर्देशों तथा निर्धारित कार्यक्रम के संबंध में जानकारी दी गई.

बैठक में कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा कि जनगणना का कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए. जनगणना में गुणवत्ता और उच्च स्तर से प्राप्त नियमों और निर्देशों का विशेष ध्यान रखा जाए. बैठक में बताया गया कि जनगणना का पहला चरण अप्रैल से प्रारंभ होगा. इस चरण में एक मई से 30 मई 2026 तक घर-घर जाकर मकानों की सूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य किया जाएगा. इसके पूर्व 15 दिन की समयावधि में ऐप के माध्यम से स्व-गणना का विकल्प भी मौजूद रहेगा. दूसरा चरण फरवरी 2027 में प्रस्तावित है. इस दूसरे चरण में डिजिटल माध्यम से घर-घर जाकर जनसंख्या गणना की जाएगी. जनसंख्या 2027 के लिए संदर्भ तारीख एक मार्च 2027 होगी.

दिया जाएगा प्रशिक्षण
बैठक में आगामी जनगणना कार्य को लेकर व्यापक समीक्षा की गई. बताया गया कि जनगणना की प्रक्रिया में बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारियों की सेवाएं ली जाएंगी. इन्हें विभिन्न स्तरों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा. प्रशिक्षण के लिए मास्टर ट्रेनर्स की नियुक्ति की जा रही है. बैठक में अपर कलेक्टर निशा डामोर सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे.

Next Post

रॉबर्ट नर्सिंग होम परिसर में 100 बिस्तरों का नया आधुनिक भवन बनेगा

Tue Feb 10 , 2026
इंदौर:आने वाले दिनों में रॉबर्ट नर्सिंग होम परिसर में 100 बिस्तरों का एक अत्याधुनिक अस्पताल भवन बनेगा. इस भवन की अनुमानित लागत 30 करोड़ रुपए होगी. यह इमारत 24 हजार वर्गफीट में बनेगी, जो जी प्लस 4 होगी. इस इमारत में स्त्री रोग, हृदय रोग विभाग सहित आईसीयू आदि होंगे. […]

You May Like