इंदौर:आने वाले दिनों में रॉबर्ट नर्सिंग होम परिसर में 100 बिस्तरों का एक अत्याधुनिक अस्पताल भवन बनेगा. इस भवन की अनुमानित लागत 30 करोड़ रुपए होगी. यह इमारत 24 हजार वर्गफीट में बनेगी, जो जी प्लस 4 होगी. इस इमारत में स्त्री रोग, हृदय रोग विभाग सहित आईसीयू आदि होंगे. साथ ही मरीजों की सुविधा के लिये जनरल और स्पेशल दोनों तरह के वार्ड होंगे.
यह जानकारी आज रॉबर्ट नर्सिंग होम परिसर में आयोजित बैठक में संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े ने दी.
संभागायुक्त डॉ. खाड़े ने बताया कि नये भवन की निर्माण संबंधी प्रक्रिया आगामी तीन महिनों में पूरी कर ली जाएगी. बैठक में रॉबर्ट नर्सिंग होम के ट्रस्टियों ने प्रस्तावित नये भवन की डिजाइन दिखायी. बैठक में रॉबर्ट नर्सिंग होम ट्रस्ट की ओर से डॉ. विजयसेन यशलाहा, डॉ. मुकेश खापरा, किशोर रघुवंशी, डॉ. प्रदीप श्रीवास्तव, सर्वज्ञ भटनागर, सिस्टर अर्चना एवं आर्किटेक्ट पीके केमकर शामिल हुए.
वर्षों पुराना स्थापित अस्पताल है राबर्ट नर्सिंग होम
डॉ. खाड़े ने कहा कि इंदौर का रॉबर्ट नर्सिंग होम वर्षों पुराना स्थापित अस्पताल है, जहां सभी तरह के मरीज उपचार के लिये आते हैं. रियायत दर पर मरीजों का उपचार किया जाता है. डॉ. खाड़े ने आगे कहा कि मरीजों की बढ़ती हुई संख्या को देखते हुए रॉबर्ट नर्सिंग होम परिसर में 100 बिस्तरों का एक नया अत्याधुनिक भवन बनाना प्रस्तावित है. इस भवन के लिये जगह चिन्हित कर ली गई है. इस अवसर पर डॉ. खाड़े ने रॉबर्ट नर्सिंग होम से जुड़े अन्य विषयों पर भी चर्चा की.
