मोदी 20 जून को बंगाल के हुगली जिले से जारी करेंगे किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त

नयी दिल्ली, 18 जून (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को पश्विम बंगाल में हुगली जिले के तारकेश्वर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त जारी करेंगे।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार श्री मोदी इसी कार्यक्रम में ‘विकसित भारत- विकसित पश्चिम बंगाल’ कृषि, ग्रामीण विकास, मत्स्य पालन और रेलवे सहित विभिन्न क्षेत्रों की अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण, राष्ट्र को समर्पण एवं शिलान्यास करेंगे। वह फसल बीमा योजना एवं पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना, डिजिटल एग्रीकल्चर मिशन के तहत एग्रीटेक, राष्ट्रीय प्राकृतिक कृषि मिशन तथा प्रधानमंत्री धन‑धान्य कृषि योजना जैसी महत्वपूर्ण पहलों की शुरुआत भी करेंगे।

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि श्री मोदी के मुख्य आतिथ्य में पश्चिम बंगाल में होने वाला यह राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम किसानों, ग्रामीण समुदाय और युवाओं के लिए एक ऐतिहासिक अवसर साबित होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार का संकल्प है कि पूर्वी भारत को कृषि, इंफ्रास्ट्रक्चर और औद्योगिक विकास का मजबूत केंद्र बनाया जाये और 20 जून का कार्यक्रम इसी विज़न को ज़मीन पर उतारने की दिशा में महत्वपूर्ण पड़ाव है।

श्री चौहान ने बताया कि श्री मोदी के किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त जारी करने से देशभर के 9.44 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में लगभग 18,880 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की जायेगी, जिससे छोटे एवं सीमांत किसानों की आय सुरक्षा और मज़बूत होगी। उन्होंने बताया कि केवल पश्चिम बंगाल में ही 45.35 लाख से अधिक लाभार्थी किसानों को लगभग 907 करोड़ रु. की किस्त प्राप्त होगी। इसके साथ ही राज्य में पीएम‑किसान योजना के अंतर्गत अब तक वितरित कुल राशि 15,055 करोड़ रु. से अधिक हो जायेगी, जबकि 2019 में योजना की शुरुआत से लेकर पूरे देश में कुल वितरण 4.46 लाख करोड़ रु. से ऊपर पहुंच जायेगा।

.....

Next Post

राउत के बयानों का जवाब देना उचित नहीं : रिजिजू

Thu Jun 18 , 2026
नयी दिल्ली, 18 जून (वार्ता) केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने शिवसेना (यूबीटी) में जारी राजनीतिक घटनाक्रम के बीच राज्यसभा सदस्य संजय राउत की टिप्पणियों को स्तरहीन बताते हुए उन पर प्रतिक्रिया देने से इनकार किया और कहा कि उनके आरोपों और अपशब्दों का जवाब देना उचित नहीं होगा। […]

You May Like