
मंदसौर। आम नागरिकों और आयुष्मान मित्रों को योजनाओं की जानकारी सरल और सुलभ तरीके से उपलब्ध कराने के लिए “आयुष्मान सखी व्हाट्सएप चैटबॉट” की शुरुआत की गई है। जबलपुर से हुए इस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण मंदसौर जिला पंचायत सभागार में भी देखा गया।
इस दौरान अतिथियों ने हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा विजय पाटीदार, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रमादेवी बंशीलाल गुर्जर, मनोहर नाहटा सहित मेडिकल कॉलेज डीन डॉ. गांधी, सीएमएचओ डॉ. चौहान, सिविल सर्जन डॉ. रावत, नोडल अधिकारी सतीश गौड़ और स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कर्मचारी मौजूद रहे।
इस चैटबॉट के माध्यम से नागरिक योजना की जानकारी, पात्रता की जांच, अस्पतालों की सूची, आयुष्मान कार्ड डाउनलोड, ABHA ID संबंधी जानकारी और अन्य सेवाएं घर बैठे प्राप्त कर सकेंगे। नागरिक केवल व्हाट्सएप नंबर 0755-2762582 पर “Hi” या नमस्ते भेजकर इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में शुरू की गई यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया विजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इससे ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के लोग बिना किसी परेशानी के सीधे आयुष्मान भारत योजना से जुड़ सकेंगे।
