
उज्जैन। मानसून की दस्तक के बाद खेतों में फसल बोने और अपने हिस्से की जमीन को लेकर विवाद के मामले सामने आने लगे हैं। ग्राम नवेली में दो पक्षों के बीच तलवार डंडे निकल आए। तीन लोग घायल हुए हैं।
भैरवगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम नवेली में संतोष पिता नारायण धानक और सुनील पिता गोवर्धन सिंह आंजना के बीच आधा बीघा जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा है। जो न्यायालय में विचाराधीन भी है। शहर में दो दिन से हो रही बारिश के बाद संतोष खेत पर जमीन हांकने के लिए पहुंचा था उसी दौरान सुनील आंजना का परिवार भी मौके पर आ गया। दोनों पक्षों के बीच जमीन हांकने की बात को लेकर विवाद शुरू हो गया और तलवार डंडे निकल आए। विवाद में एक पक्ष से संतोष और अर्जुन घायल हुए हैं दूसरे पक्ष से सुनील आंजना को चोट लगी है। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया है।
