इंदौर: आज़ाद नगर थाना क्षेत्र में रविवार एक युवक ने घर के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना के समय उसकी पत्नी रसोई में खाना बना रही थी. प्रारंभिक जांच में पुलिस नशे की हालत में उठाए गए कदम की आशंका जता रही है.थाना प्रभारी लोकेश सिंह भदौरिया ने बताया कि मृतक की पहचान कपिल पिता मोहनलाल उम्र 30 साल निवासी अभिषेक नगर के रूप में हुई है. वह पीथमपुर की एक निजी कंपनी में ड्राइवर था. परिजनों ने बताया कि कपिल लंबे समय से शराब और गांजा पीने का आदी था, जिसके चलते वह अक्सर तनाव में रहता था.
रविवार को छुट्टी होने के कारण कपिल घर पर ही था. शाम को उसकी पत्नी रसोई में खाना बना रही थी, इसी दौरान कपिल कमरे में गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया. काफी देर तक आवाज देने पर भी कोई जवाब नहीं मिला तो पत्नी को शक हुआ. झरोखे से झांककर देखा तो कपिल फंदे पर लटका मिला. शोर सुनकर आसपास के लोग जमा हुए और दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा गया. तत्काल एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस को कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, मामले में मर्ग कायम कर परिजनों के बयान लेकर आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है.
