
कटनी। टैक्स चोरी और फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) के खिलाफ केंद्रीय जीएसटी (CGST) आयुक्तालय जबलपुर ने कार्रवाई की है। इस कार्रवाई ने कटनी के व्यापारिक हलकों में हड़कंप मचा दिया है। कमिश्नर लोकेश लिल्हारे के नेतृत्व में एंटी-इवेजन विंग ने कटनी सहित सीधी और सतना के 9 ठिकानों पर दबिश दी, जिसमें कटनी की दो प्रमुख फर्में जांच के घेरे में आई हैं।
कटनी की ‘कागजी’ फर्मों पर एक्शन
जांच टीम जब कटनी में पंजीकृत फर्मों के पते पर पहुंची, तो वहां का नजारा चौंकाने वाला था। विभाग द्वारा जारी सूची के अनुसार कटनी की निम्नलिखित फर्मों पर कार्रवाई की गई है:
* मेसर्स जय श्री बालाजी कोल ट्रेडर्स (कटनी)
* मेसर्स कुमार ट्रेडिंग कंपनी (कटनी)
हैरानी की बात यह है कि ये फर्में केवल सरकारी दस्तावेजों और कागजों पर ही ‘करोड़ों का टर्नओवर’ दिखा रही थीं। मौके पर जांच टीम को इन फर्मों का कोई भौतिक अस्तित्व (Physical Existence) नहीं मिला। ये पते केवल कागजी खानापूर्ति के लिए इस्तेमाल किए जा रहे थे ताकि कोयले की फर्जी बिलिंग के जरिए सरकार को राजस्व का चूना लगाया जा सके।
कोयला बिलिंग का खेल: ऐसे होता था फर्जीवाड़ा
खुफिया इनपुट के अनुसार, कटनी और आसपास के जिलों में सक्रिय यह सिंडिकेट बिना किसी माल (Goods) की आवाजाही के केवल बिल जेनरेट कर रहा था।
फर्जी बिलिंग: कोयले की खरीद-बिक्री के झूठे बिल बनाना।
ITC का लाभ: इन फर्जी बिलों के आधार पर सरकार से इनपुट टैक्स क्रेडिट क्लेम करना।
राजस्व हानि: बिना व्यापार किए सरकारी खजाने से टैक्स का पैसा वापस लेना।
कमिश्नर की सख्त चेतावनी
CGST कमिश्नर लोकेश लिल्हारे ने साफ किया है कि कटनी और आसपास के क्षेत्रों में फर्जी बिलिंग का यह नेटवर्क काफी गहरा हो सकता है। विभाग अब इन फर्मों के बैंक खातों और इनसे जुड़े अन्य व्यापारियों की कुंडली खंगाल रहा है। विभाग का मानना है कि इन ‘बोगस’ फर्मों के पीछे कुछ बड़े सिंडिकेट का हाथ हो सकता है जो पर्दे के पीछे से यह खेल खेल रहे हैं।
इन फर्मों पर गिरी गाज (कार्रवाई की सूची):
विभाग ने जिन संदिग्ध फर्मों के खिलाफ कार्रवाई की है, उनके नाम इस प्रकार हैं:
* सीधी जिला: मेसर्स महादेव ट्रेडर्स, मेसर्स मिश्रा ट्रेडिंग कंपनी, मेसर्स गायत्री एंटरप्राइजेज, मेसर्स श्री बालाजी एसोसिएट, मेसर्स आदित्य फिलिंग स्टेशन।
* कटनी जिला: मेसर्स जय श्री बालाजी कोल ट्रेडर्स, मेसर्स कुमार ट्रेडिंग कंपनी।
* सतना जिला: मेसर्स रिशाल एसोसिएट्स, मेसर्स भव्यंश सेल्स एंड लाजिस्टिक्स।
