शेफर्ड का पंजा, वेस्टइंडीज ने स्कॉटलैंड को 35 रनों से हराया

कोलकाता, 07 फरवरी (वार्ता) शिमरॉन हेटमायर (64) और ब्रैंडन किंग (35) की शानदार बल्लेबाजी के बाद रोमारियो शेफर्ड (पांच विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी की बदौलत वेस्टइंडीज ने शनिवार को टी-20 विश्वकप के दूसरे मुकाबले में स्कॉटलैंड को 35 रनों से शिकस्त दी।

183 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्कॉटलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 37 के स्कोर पर अपने तीन विकेट गंवा दिये। माइकल जोंस (एक), ब्रैंडन मक्मलेन (14) और जॉर्ज मंसी (19) रन बनाकर आउट हुये। इसके बाद कप्तान रिचर्ड बेरिंग्टन और टॉम ब्रूस की जोड़ी ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए 78 रन जोड़े। 14वें ओवर में जेसन होल्डर ने रिचर्ड बेरिंग्टन को आउटकर इस साझेदारी को अंत किया। रिचर्ड बेरिंग्टन ने 24 गेंदों में तीन चौके और दो छक्के लगाते हुए 42 रनों की पारी खेली। अगले ही ओवर में गुडाकेश मोती ने टॉम ब्रूस को पगबाधा आउटकर पवेलियन भेज दिया। टॉम ब्रूस ने 28 गेंदों में एक चौका और दो छक्के लगाते हुए 35 रन बनाये।

इसके बाद रोमारियो शेफर्ड की गेंदबाजी के आगे स्कॉटलैंड की पारी ताश के पत्तों की तरह ढहती चली गई। स्कॉटलैंड ने 133 के स्कोर पर अपने चार विकेट गंवाये। 19वें ओवर की पांचवें गेंद पर जेसन होल्डर ने मार्क वॉट (15) को आउटकर स्कॉटलैंड की पारी का 147 के स्कोर पर अंत कर दिया। इसी साथ वेस्टइंडीज ने 35 रनों मुकाबला जीत लिया।

वेस्टइंडीज के लिए रोमारियो शेफर्ड ने पांच विकेट लिये। जेसन होल्ड को तीन विकेट मिले। गुडाकेश मोती और शमार जोसेफ ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया। हेटमाएर को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला

इससे पहले आज यहां स्कॉटलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज के लिए ब्रैंडन किंग और कप्तान शाई होप की जोड़ी ने अच्छी शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 52 रन जोड़े। नौवें ओवर में माइकल लीस्क ने शाई होप (19) को बोल्ड कर इस साझेदारी को तोड़ा। अगले ही ओवर में ऑलिवर डेविडसन ने ब्रैंडन किंग को आउटकर वेस्टइंडीज को दूसरा झटका दिया। ब्रैंडन किंग ने 30 गेंदों में चार चौके और एक छक्का लगाते हुए 35 रनों की पारी खेली। रोवमन पॉवेल ने 14 गेंदों में दो छक्के और एक चौका लगाते हुए 24 रन बनाये।

शिमरॉन हेटमायर ने 36 गेंदों में दो चौके और छह छक्के उड़ाते हुए 64 रनों की पारी खेली। उन्होंने 19वें ओवर में साफ्यान शरीफ ने आउट किया। शरफेन रदरफोर्ड ने 13 गेंदों में 26 रन बनाये। वेस्टइंडीज ने निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट पर 182 रनों का स्कोर खड़ा किया।

स्कॉटलैंड के लिए ब्रैडली करी ने दो विकेट लिये। ऑलिवर डेविडसन, साफ्यान शरीफ और माइकल लीस्क ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

 

Next Post

भारत ने अमेरिका को दिया 162 रनों का लक्ष्य

Sat Feb 7 , 2026
मुम्बई, 07 फरवरी (वार्ता) कप्तान सूर्यकुमार यादव (नाबाद84) की अर्धशतकीय, तिलक वर्मा (25) और इशान किशन (20) की संघर्षपूर्ण पारियों की बदौलत भारत ने शनिवार को टी-20 विश्वकप 2026 के तीसरे मुकाबले में अमेरिका को जीत के लिए 162 रनों का लक्ष्य दिया। आज यहां अमेरिका ने टॉस जीतकर पहले […]

You May Like