
सिंगरौली। जिले के बरगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ोखर गांव में बीते दिन बुधवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा बड़ोखर गांव स्थित पेट्रोल पंप के समीप उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार कोयला लदे ट्रेलर वाहन ने बाइक को कुचल दिया। मृतकों की पहचान बलिराम साकेत और उनकी पत्नी सुनीता साकेत के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार दोनों शाम करीब 5 बजे कसर की ओर से अपने घर बड़ोखर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि दंपती की बेटे की शादी होने वाली थी, जिससे परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन इस हादसे ने सब कुछ बदल दिया।
घटना की खबर फैलते ही ग्रामीणों और परिजनों में भारी आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और मुआवजे व कार्रवाई की मांग को लेकर नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही बरगवां थाना निरीक्षक मो. समीर, मोरवा निरीक्षक कपूर त्रिपाठी तथा गोरबी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक रुद्र प्रताप सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों द्वारा आक्रोशित ग्रामीणों को समझाइस दी जा रही है और जाम खुलवाने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने ट्रेलर वाहन को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
