40 साल से काबिज ग्रामीणों को बेदखली का नोटिस, पूरा परिवार परेशान

गुना। जिला मुख्यालय पर हुई जनसुनवाई में बजरंगगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम भिलेरा से आए ग्रामीणों ने अपनी व्यथा सुनाई है। ग्रामीणों ने बताया कि वह करीब 40 वर्षों से जिस जमीन पर निवास और खेती कर रहे हैं, उसे अब वन विभाग अपनी बताकर खाली करने का दबाव बना रहा है। कार्रवाई से घबराए एक ग्रामीण ने जिला प्रशासन के सामने चेतावनी दी है कि यदि उन्हें बेदखल किया गया, तो वह अपने परिवार सहित गांव के तालाब में डूबकर जान दे देगा। ग्रामीण भामा बंजारा और अन्य निवासियों ने बताया कि वे पिछले 4 दशकों से इस जमीन पर काबिज

हैं। बताया जा रहा है कि यह जमीन पहले राजस्व विभाग के अधीन थी, जिसे बाद में वन विभाग को हस्तांतरित कर दिया गया। इसी हस्तांतरण के बाद से ही वन विभाग ग्रामीणों को वहां से हटाने का प्रयास कर रहा है। वर्तमान में इस विवादित करीब 40 बीघा जमीन पर हरिजन, आदिवासी,

माली, काछी, कुम्हार और बंजारा समाज के लगभग 25 परिवार निवास कर रहे हैं। ग्रामीणों की चिंता का मुख्य वजह यह है कि अधिकांश परिवारों ने जमीन पर खरीफ की फसल बो रखी है। उनके पक्के और कच्चे मकान इसी जमीन पर बने हुए हैं। हाल ही में डिप्टी रेंजर द्वारा दी गई बेदखली

 

की हिदायत के बाद से पूरे गांव में दहशत का माहौल है। जनसुनवाई में ग्रामीणों ने गुहार लगाई है कि उनकी फसलों को नष्ट होने से बचाया जाए और उन्हें बेघर न किया जाए। मामले की गंभीरता और ग्रामीण की आत्मघाती चेतावनी को देखते हुए कलेक्टर ने तत्काल संज्ञान लिया है। उन्होंने आश्वस्त किया है कि मौके पर जांच के लिए एक टीम भेजी जाएगी जो राजस्व और वन विभाग के रिकॉर्ड का मिलान कर वस्तुस्थिति स्पष्ट करेगी। फिलहाल वन विभाग की चेतावनी मिलने के बाद ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है और वह कलेक्टर से संरक्षण की उम्मीद लगा रहे हैं।

Next Post

​पार्वती पुल के दिन फिरेंगे: विधायक मोहन शर्मा ने CM से की मुलाकात, बजट में शामिल होगा पुनर्निर्माण

Wed Feb 4 , 2026
नरसिंहगढ़। क्षेत्र की महत्वपूर्ण पार्वती पुल की समस्या को लेकर एक बार फिर सकारात्मक पहल सामने आई है. लंबे समय से क्षतिग्रस्त एवं बंद पड़े पार्वती पुल के पुनर्निर्माण को लेकर विधायक मोहन शर्मा ने मंगलवार को भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर विस्तृत चर्चा की. विधायक […]

You May Like