इंदौर: बाणगंगा थाना क्षेत्र में पुलिस की मुखबिरी करने के शक में एक युवक पर जानलेवा हमला करने और उसे सरेराह पीटने का मामला सामने आया है. इलाके के एक शातिर बदमाश ने युवक को घेरकर उसके साथ गाली-गलौज की और चेहरे पर थप्पड़ व मुक्के जड़ दिए, जिससे युवक की नाक से खून बहने लगा. पड़ोसियों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकला. पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है.
पुलिस के अनुसार, घटना बाणगंगा थाना क्षेत्र के भागीरथपुरा इलाके की है. यहां रहने वाले फरियादी यश पिता कुंदन ठाकुर ने थाने पहुंचकर भागीरथपुरा के ही रहने वाले आरोपी हेमंत बरोनिया के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. यश ने पुलिस को बताया कि वह अपने क्षेत्र में था, तभी आरोपी हेमंत बरोनिया अचानक उसके पास आया. हेमंत पुराना विवाद और मुखबिरी का शक पाले हुए था. उसने आते ही यश का रास्ता रोका और चिल्लाते हुए कहा कि तु हमारी बहुत मुखबिरी करता है, आज तुझे मज़ा चखाता हूं.
यश ने जब इस बात का विरोध किया, तो आरोपी हेमंत ने आव देखा न ताव, उसे गालियां देना शुरू कर दिया. विवाद के दौरान ही आरोपी ने यश के चेहरे पर जोरदार थप्पड़ और मुक्के मार दिए. हमला इतना अचानक और तेज था कि यश का संतुलन बिगड़ गया और वह जमीन पर गिर पड़ा. चोट लगने के कारण यश की नाक से खून की धार बहने लगी. यश को लहूलुहान हालत में देखकर आसपास के पड़ोसी और राहगीर तुरंत उसे बचाने और आरोपी हेमंत को पकड़ने के लिए दौड़े.
भीड़ को अपनी तरफ आता देख आरोपी हेमंत बरोनिया घबरा गया और मौके से भागने लगा. हालांकि, भागते-भागते भी उसका दुस्साहस कम नहीं हुआ; उसने सबके सामने यश को दोबारा धमकी देते हुए कहा कि अगर अब कभी पुलिस को हमारी मुखबिरी की या हमारे खिलाफ गया, तो तुझे जान से खत्म कर दूंगा
