बैतूल।मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में कांग्रेस पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा परिवर्तन करते हुए पूर्व विधायक निलय डागा को जिला कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति की घोषणा होते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई। जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की और मिठाइयाँ बाँटकर अपनी खुशी का इज़हार किया।
मीडिया से बातचीत में निलय डागा ने पार्टी नेतृत्व सोनिया गांधी, राहुल गांधी और अन्य वरिष्ठ नेताओं का आभार जताया और कहा कि वे इस जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी से निभाएंगे। उन्होंने कहा कि वे संगठन को नए सिरे से मजबूत करेंगे और जो कार्यकर्ता निराश होकर निष्क्रिय हो गए हैं, उन्हें दोबारा सक्रिय किया जाएगा। कांग्रेस को बूथ स्तर तक मज़बूत किया जाएगा।
डागा ने भाजपा पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने बैतूल जिले में विकास के नाम पर केवल भ्रष्टाचार फैलाया है। जिले को प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय राज्य मंत्री मिलने के बावजूद यहाँ न आईआईएम है, न आईआईटी और न ही कोई बड़ा रिसर्च संस्थान। मेडिकल कॉलेज जैसे वादे भी अधूरे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा फर्जी वोटिंग और वोट चोरी का खुलासा किया जाएगा। हर बूथ की वोटर लिस्ट की जांच की जाएगी। कांग्रेस अब जनता के बीच जाकर भाजपा की झूठी गारंटियों और भ्रष्टाचार को बेनकाब करेगी। डागा ने कहा कि उनका लक्ष्य है भ्रष्टाचार मुक्त बैतूल और भ्रष्टाचार मुक्त मध्य प्रदेश।
