
सलामतपुर। मामा के घर से 22 वर्षीय भांजी के लापता होने से परिजन परेशान हैं। और उन्होंने पुलिस से युवती को ढूंढने की गुहार लगाई है। मामला देर रात का बताया जा रहा है। परेशान परिजन बुधवार को दोपहर के समय थाने पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी देते हुए गुम इंसान का मामला कायम कराया। थाने के प्रधान आरक्षक हेत सिंह मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि टीकाराम लोधी पिता मर्दन सिंह लोधी निवासी जमुनिया ने थाने में जानकारी देते हुए बताया कि उनकी भांजी जिसकी उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम बैजलपुर थाना गौहरगंज जिला रायसेन उनके घर जमुनिया में लगभग दो महीने से आकर रुकी हुई थी। मंगलवार की रात में सभी परिवार वाले खाना खाकर सो गए थे। बुधवार सुबह लगभग छह बजे देखा तो वह बिस्तर पर नही थी। आसपास काफी तलाश करने के बाद भी गंगा का कहीं कुछ पता नही चल सका तो युवती के मामा टीकाराम लोधी ने सलामतपुर थाने में पूरे मामले की जानकारी देते हुए भांजी को ढूंढने की गुहार पुलिस से लगाई है। वहीं थाना प्रभारी दिनेश सिंह रघुवंशी ने बताया कि जानकारी मिलते ही आसपास जिले के थानों में युवती की पूरी जानकारी भेजी जा रही है।
