घी की गुणवत्ता जांच के लिए खाद्य सुरक्षा टीम की कार्रवाई, 2.32 लाख का घी जप्त

नीमच। नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, मध्यप्रदेश भोपाल तथा कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार एवं खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा शनिवार को वीर पार्क रोड स्थित अग्रवाल संस घी डीलर का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में मानव उपभोग के लिए विक्रय हेतु श्रीमूल ब्रांड के विभिन्न पैकिंग में शुद्ध घी एवं गाय का घी भंडारित पाया गया। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं मानक स्तर की जांच के लिए टीम द्वारा श्रीमूल ब्रांड के घी के कुल 8 नमूने लिए गए। लिए गए नमूनों में श्रीमूल गाय का घी एवं शुद्ध घी की 1 लीटर, 500 एमएल, 200 एमएल तथा 15 किलोग्राम टीन पैकिंग सहित 5 किलोग्राम पैकिंग के नमूने शामिल हैं।

नमूना कार्रवाई के उपरांत शेष घी को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत अधिग्रहित कर जप्त किया गया तथा विधिवत सीलबंद किया गया। जप्त किए गए घी की कुल मात्रा लगभग 179 लीटर एवं 302 किलोग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 32 हजार रुपये है।

खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा लिए गए सभी 8 नमूने मानक स्तरों की जांच के लिए खाद्य विश्लेषक, राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, ईदगाह हिल्स भोपाल भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने तक संबंधित खाद्य पदार्थ का विक्रय नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं।

उल्लेखनीय है कि खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। विगत कुछ दिनों में घी के कुल 15 नमूने लिए जा चुके हैं तथा लगभग 5 लाख रुपये से अधिक मूल्य का घी जप्त किया गया है।

खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं मानकों की जांच के लिए यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री राजू सोलंकी, श्री यशवंत कुमार शर्मा एवं खाद्य सुरक्षा टीम के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Next Post

दुर्ग में साइबर ठगी के म्यूल खातों पर पुलिस की कार्रवाई, 13 खाताधारक गिरफ्तार

Sun Aug 9 , 2026
दुर्ग, 09 अगस्त (वार्ता) छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में साइबर ठगी की रकम को अलग-अलग बैंक खातों के जरिए ट्रांसफर करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 म्यूल बैंक खाताधारकों को गिरफ्तार किया है। सुपेला और भिलाई नगर थाना पुलिस की कार्रवाई में पकड़े गए आरोपियों […]

You May Like