
नारायणगंज। जिले में एनक्यूएएस प्रमाणित नारायणगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में हाल ही में हुए एक सड़क हादसे के बाद उपजे जनाक्रोश को शांत करने और स्वास्थ्य केंद्र में आ रही समस्याओं को सुलझाने के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और सीएचसी का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
बैठक का मुख्य उद्देश्य अस्पताल में चल रहे विरोध प्रदर्शनों और मरीजों को आ रही परेशानियों का समाधान खोजना था। इस दौरान स्वास्थ्य केंद्र के सामने और आसपास के अतिक्रमण को हटाने और एक निजी वाहन जो ऑनकाॅल पर लगाया गया था, को हटाने पर विशेष रूप से चर्चा की गई।
बैठक में उपस्थित पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष रतन सिंह ठाकुर और वरिष्ठ कांग्रेस नेता मागन लाल सोनी ने अस्पताल की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इन सुझावों में मरीजों और उनके परिजनों के साथ अच्छा व्यवहार करना, समय पर उपचार प्रदान करना और अस्पताल में उपलब्ध दवाएं ही देना शामिल था।
सीबीएमओ डॉ. अमृत लाल कोल ने समस्त स्टाफ को निर्देश दिए कि वे भविष्य में ऐसी किसी भी घटना से बचने के लिए मरीजों के साथ विनम्रता से पेश आएं और अनावश्यक रूप से किसी को परेशान न करें। उन्होंने यह भी जोर दिया कि मरीजों को बाहर की दवाइयां न लिखी जाएं, बल्कि उन्हें अस्पताल में उपलब्ध दवाएं ही दी जाएं।
बैठक में निर्णय लेते हुए अस्पताल में राजेश अग्रवाल का ऑनकाॅल में लगे वाहन को तत्काल हटाया गया। इसके साथ ही अस्पताल के चारों ओर फैले अतिक्रमण को हटाने के लिए स्थानीय सरपंच, तहसीलदार और एसडीएम को तुरंत पत्र लिखकर कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है।
बताया गया कि आयोजित हुई बैठक में लिए गए निर्णय से अस्पताल के प्रवेश द्वार और आसपास की जगह साफ होगी, जिससे मरीजों और एंबुलेंस को आने-जाने में सुविधा मिलेगी। स्वास्थ्य विभाग और जनप्रतिनिधियों के साथ हुई इस बैठक के बाद मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं में और सुधार की उम्मीद है।
