
हटा/दमोह। आगामी गणेश विसर्जन, पर्युषण पर्व एवं पितृपक्ष को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से हटा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शांति समिति के सदस्यों के साथ-साथ विभिन्न समुदायों के प्रमुख एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक में कार्यपालिक मजिस्ट्रेट अनुभाग हटा उमेश तिवारी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी हटा, थाना प्रभारी हटा, विद्युत विभाग, लोक निर्माण विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। आगामी त्योहारों के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं एवं कानून व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यपालिक मजिस्ट्रेट उमेश तिवारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि गणेश विसर्जन के दौरान पंडालों, विसर्जन मार्गों, यातायात एवं घाटों पर पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। विसर्जन मार्गों का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत एवं रखरखाव समय रहते पूरा कराने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
घाटों पर सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता देते हुए एसडीआरएफ एवं होमगार्ड के जवानों की लगातार तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध हो सके।
नगर पालिका को गणेश विसर्जन के साथ-साथ पितृपक्ष में तर्पण एवं अन्य धार्मिक गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए घाटों की विशेष साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों की साफ-सफाई एवं रखरखाव पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।
विद्युत विभाग को त्योहारों के दौरान निर्बाध एवं सुरक्षित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा संभावित विद्युत जोखिम वाले स्थानों का पूर्व निरीक्षण कर आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए। लोक निर्माण विभाग को मार्गों की स्थिति का परीक्षण कर आवश्यक मरम्मत एवं रखरखाव कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में पर्युषण पर्व के दौरान भी शांति, सौहार्द एवं आवश्यक व्यवस्थाएं बनाए रखने पर चर्चा की गई। उपस्थित शांति समिति सदस्यों एवं विभिन्न समुदायों के प्रमुखों से भी प्रशासन के साथ समन्वय रखते हुए त्योहारों को आपसी भाईचारे एवं सद्भाव के साथ मनाने की अपील की गई।
कार्यपालिक मजिस्ट्रेट अनुभाग हटा उमेश तिवारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाएं त्योहारों से पूर्व पूर्ण कर ली जाएं तथा पूरे आयोजन के दौरान आपसी समन्वय के साथ सतत निगरानी रखी जाए। प्रशासन द्वारा आगामी सभी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं
