
सतना . जिले के कोटर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत मोहनिया के सेमरी गांव में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात चोरों ने एक घर में धावा बोलते हुए लाखों के आभूषण और नकदी पार कर दी.
प्राप्त जानकारी के अनुसार सेमरी गांव निवासी इंदल पाण्डेय की गुरुवार सुबह जब नींद खुली तो घर का सामान जहां तहां बिखरा नजर आया. इतना ही नहीं बल्कि घर के कमरे में रखे कई बक्से भी नदारद मिले. यह देख उनके होश उड़ गए. कुछ समय बाद घर से कुछ दूरी पर घर का सामान खेत में बिखरा मिला. जिसमें बक्से से लेकर कपड़े, बाल्टी सहित बर्तन भी शामिल थे. इसी कड़ी में घर में रखी नकदी समेत सोने-खंदी के कीमती आभूषण भी गायब मिले. जिसे देखते हुए पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे कोटर थाना प्रभारी दिलीप मिश्रा द्वारा जांच शुरु की गई. इसी कड़ी में फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट और डाग स्क्वाड को भी मौके पर बुला लिया गया. घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाते हुए पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरु कर दी है.
