​गांव-गांव पहुंचेगी कांग्रेस: सागर संभाग में जिलों और विधानसभाओं की संयुक्त समीक्षा

खजुराहो। सागर संभाग में कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जीतू पटवारी ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के सचिव रणविजय सिंह लोचव के साथ खजुराहो में जिलेवार एवं विधानसभा स्तरीय समीक्षा बैठकें आयोजित कीं।

इन बैठकों में सागर, पन्ना, टीकमगढ़, निवाड़ी, दमोह और छतरपुर जिलों की जिला समन्वय समितियों के सदस्य, नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष तथा विधानसभा प्रभारी शामिल हुए। बैठकों का मुख्य उद्देश्य कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाना, नए पदाधिकारियों को उनकी भूमिका और जिम्मेदारियों से अवगत कराना तथा पार्टी कार्यकर्ताओं में संगठनात्मक अनुशासन, स्पष्ट दिशा और नई ऊर्जा का संचार करना रहा।

सागर जिले की बीना, खुरई, सुरखी, देवरी, रहली, नरयावली, सागर और बंडा विधानसभा क्षेत्रों की विधानसभा स्तरीय बैठकें आयोजित की गईं। इसी तरह दमोह जिले की दमोह, पथरिया, हटा और जबेरा, टीकमगढ़ जिले की टीकमगढ़, जतारा और खरगापुर, निवाड़ी जिले की निवाड़ी और पृथ्वीपुर तथा पन्ना जिले की पवई, गुन्नौर और पन्ना विधानसभा क्षेत्रों की बैठकें संपन्न हुईं। छतरपुर जिले की छतरपुर, राजनगर, चंदला, नौगांव और महाराजपुर विधानसभा क्षेत्रों की भी बैठकें खजुराहो में हुईं।

बैठकों को संबोधित करते हुए जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज है और पार्टी गांव-गांव तक संगठन को मजबूत कर भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ एकजुट संघर्ष करेगी। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों से समर्पण के साथ कार्य करने और जनसमस्याओं को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

AICC सचिव रणविजय सिंह लोचव ने संगठन की एकता और अनुशासन पर जोर देते हुए कहा कि उच्च नेतृत्व के निर्देशानुसार पार्टी जमीनी स्तर पर लगातार मजबूत हो रही है और इसके सकारात्मक परिणाम शीघ्र सामने आएंगे। ये बैठकें कांग्रेस के ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत आयोजित की।

Next Post

मेघालय निपाह वायरस को लेकर अलर्ट पर

Mon Feb 2 , 2026
शिलांग, 02 फरवरी (वार्ता) मेघालय सरकार निपाह वायरस (एनआईवी) से निपटने के लिए अलर्ट और तैयार है, हालांकि राज्य में अब तक कोई मामला सामने नहीं आया है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री वाइलाडमिकी शिला ने यह जानकारी दी। श्री शिला ने पश्चिम बंगाल में निपाह वायरस के मामलों पर […]

You May Like