नई दिल्ली, 03 दिसंबर, 2025: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप विदेशी नागरिकों के अमेरिका प्रवेश पर एक बड़ा और व्यापक प्रतिबंध लगाने की तैयारी कर रहे हैं। इस नए ट्रैवल बैन के तहत दो दर्जन से अधिक (30 से अधिक) देशों के नागरिकों को अमेरिका में एंट्री से रोका जा सकता है। यह कदम वॉशिंगटन डीसी में नेशनल गार्ड के सदस्यों पर हुए जानलेवा हमले के बाद ट्रंप प्रशासन की सख्ती को दर्शाता है। प्रतिबंधित देशों की आधिकारिक सूची जल्द जारी होने की संभावना है।
ट्रंप प्रशासन की यह सख्ती वॉशिंगटन डीसी में नेशनल गार्ड के दो सदस्यों पर हुए जानलेवा हमले के बाद आई है। इस हमले के आरोप में एक अफगान नागरिक को पकड़ा गया है। गृह मंत्री क्रिस्टी नोएम ने मंशा साफ करते हुए कहा है कि हर उस देश को प्रतिबंधित लिस्ट में डालने का प्रस्ताव है, जो अमेरिका में “हत्यारों और सनकियों” को भेजता है। उन्होंने साफ कहा कि विदेशी हमलावरों को देश में जगह नहीं मिलेगी।
इस घटना के बाद ट्रंप प्रशासन ने 19 देशों को “चिंताजनक सूची” में रखा है। इसके साथ ही इन देशों के 7.20 लाख से अधिक ग्रीन कार्ड होल्डर्स की सुरक्षा जांच (Re-vetting) शुरू कर दी गई है। इसके अलावा, विदेश विभाग ने अफगान पासपोर्ट पर यात्रा करने वालों के लिए वीजा जारी करने पर भी रोक लगा दी है। ये सभी कदम दर्शाते हैं कि अमेरिका अब अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर कोई ढिलाई नहीं बरतना चाहता।

