10 घायल, सतना-चित्रकूट मार्ग पर बोलेरो-पिकअप की टक्कर
सतना : शनिवार-रविवार की दरमियानी रात लगभग 2 बजे सतना-चित्रकूट मार्ग पर उस वक्त दर्दनाक सडक़ हादसा हो गया जब बोलेरो और पिकअप वाहन के बीच टक्कर हो गई. इस दुर्घटना के चलते जहां 3 तीर्थ यात्रियों की मौत हो गई, वहीं 10 लोग बुरी तरह घायल हो गए. घायलों में से 8 की हालत गंभीर बताई जा रही है.सतना चित्रकूट मार्ग पर मझगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़े हनुमान जी मंदिर के निकट शनिवार-रविवार की दरमियानी रात लगभग 2 बजे उस वक्त कोहराम मच गया जब बोलेरा और पिकअप वाहन की आमने-सामने से भीषण टक्कर हो गई.
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए क्रेन और कटर की मदद लेनी पड़ी. प्राप्त जानकारी के अनुसार बोलेरो में सवार सभी यात्री दमोह से हैं, जो महाकुंभ में स्नान करने के लिए गए हुए थे. जहां पर स्नान और दर्शन पूजन के उपरांत ये सभी वापस लौट रहे थे. जबकि पिकअप वाहन में सवार लोग जबलपुर से प्रयागराज की ओर जा रहे थे. पिकअप में सवार लोगों को एक ओर जहां महाकुंभ में स्नान करना था वहीं दूसरी ओर वे वहां पर फल और सब्जी की दुकान लगाने के लिए भी जा रहे थे. घायल यात्रियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार रात में मार्ग पर पूरी तरह से घुप्प अंधेरा था.
इसी दौरान दोनों वाहनों के बीच अचानक इतनी भीषण भिड़ंत कैसे हो गई उन्हें पता ही नहीं चला. जब तक उन्हें कुछ समझ में आता सभी लोग बुरी तरह घायल और लहुलुहान होकर कराहते दिखाई दिए. घटना की सूचना मिलने पर जब मझगवां पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां का देख देखकर वे भी सहम गए. दोनों वाहन बुरी तरह से एक दूसरे में फंस गए थे. लिहाजा पुलिस द्वारा आनन-फानन में क्रेन बुलाई गई. क्रेन और कटर की मदद से वाहनों के हिस्से को अलग करते हुए लोगों को बाहर निकाला गया. पुलिस द्वारा आनन-फानन में सभी लोगों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. जहां पर 3 लोगों को मृत घोषित कर दिया गया.
मां-बेटे और नाना मृत
मझगवां थाने से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान 31 वर्षीय मनीषा पटेल उसके बेटे 11 वर्षीय विवेक पटेल और मनीषा के ससुर महेंद्र पटेल उम्र 52 वर्ष के तौर पर हुई. जबकि मनीषा का पति महेंद्र बुरी तरह घायल हो गया. इस घटना के चलते कुल 10 यात्री चोटिल हुए. जिनमें से 8 की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया
