जबलपुर: जिले में कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं आगामी 10 फरवरी से प्रारंभ होने जा रही हैं। इसे लेकर शिक्षा विभाग की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। परीक्षाओं के शांतिपूर्ण और व्यवस्थित संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा केन्द्रों की व्यवस्था, परीक्षा समय -सारिणी और निगरानी संबंधी दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। जानकारी के अनुसार कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा 10 फरवरी से अंग्रेजी विषय के साथ शुरू होगी और 7 मार्च तक चलेगी। अंतिम दिन हिंदी का प्रश्न पत्र होगा। वहीं कक्षा 10 वीं की परीक्षा 13 फरवरी को उर्दू विषय से प्रारंभ होकर 6 मार्च तक आयोजित की जाएगी, जिसमें अंतिम पेपर हिंदी का रहेगा। दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होंगी।
जिले में बने 10 परीक्षा केन्द्र
जिले में बोर्ड परीक्षाओं के लिए कुल 100 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। इनमें शहरी क्षेत्रों की तुलना में ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक केन्द्र रखे गए हैं। शहरी क्षेत्र में 47 जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में 53 परीक्षा केन्द्र स्थापित किए गए हैं। नियमित परीक्षार्थियों के लिए 96 केन्द्र निर्धारित किए गए हैं, वहीं प्राइवेट परीक्षार्थियों के लिए जिले में 4 अलग केन्द्र बनाए गए हैं।
43 हजार परीक्षार्थी होंगे शामिल
जानकारी के अनुसार जिले में कुल 43 हजार 72 परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। इनमें कक्षा 10वीं के 23 हजार 938 और कक्षा 12वीं के 19 हजार 134 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। कक्षा 10वीं में परीक्षार्थियों की संख्या कक्षा 12वीं की तुलना में अधिक है।
सामूहिक नकल पर होगी सख्त कार्रवाई
मंडल द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि यदि मूल्यांकन के दौरान किसी परीक्षा केन्द्र की कम से कम 10 उत्तर पुस्तिकाओं में एक तिहाई उत्तर एक जैसी भाषा और शैली में पाए जाते हैं, तो इसे सामूहिक नकल माना जाएगा। ऐसे मामलों में संबंधित विषय की पूरी परीक्षा और परीक्षाफल निरस्त कर दिया जाएगा।
