जबलपुर: राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले में संचालित संकल्प से समाधान अभियान के प्रथम चरण में नागरिकों से केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न योजनाओं और सेवाओं से संबंधित 24 हजार 767 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 17 हजार 887 प्रकरणों का निराकरण किया जा चुका है, जबकि 6 हजार 880 आवेदन लंबित हैं। निराकृत प्रकरणों में 17 हजार 837 आवेदन स्वीकृत किए गए हैं तथा 50 आवेदन अस्वीकृत हुए हैं। यह अभियान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप 12 जनवरी, स्वामी विवेकानंद जयंती से प्रदेशभर में प्रारंभ किया गया है, जिसका उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
चार चरणों में अभियान, 106 विभाग शामिल
चार चरणों में संचालित इस अभियान के अंतर्गत 106 विभागों की योजनाओं और सेवाओं को शामिल किया गया है। पहले चरण में ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत स्तर पर और शहरी क्षेत्रों में वार्ड स्तर पर दल गठित कर घर-घर जाकर तथा शिविरों के माध्यम से आवेदन और शिकायतें प्राप्त की जा रही हैं। सभी प्रकरण सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज कर संबंधित विभागों को भेजे जा रहे हैं। अभियान के आगामी चरणों में क्लस्टर, विकासखंड और जिला स्तर पर शिविर आयोजित कर शेष लंबित एवं नए आवेदनों का निराकरण किया जाएगा, साथ ही जिला स्तरीय शिविर में हितग्राहियों को मौके पर लाभ भी वितरित किया जाएगा।
