
ग्वालियर। इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर एक विवाहिता महिला से करीब 17 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। युवक ने खुद को रोहित ठाकुर बताकर थाईलैंड में इलेक्ट्रॉनिक्स और कार शोरूम का कारोबारी बताया। उसने महिला को यह भी कहा कि थाईलैंड में सोना सस्ता है और भारत आते समय वह सोना लेकर आएगा। सोने के बढ़ते दामों के कारण महिला उसके झांसे में आ गई।
ठगी गई महिला छाया मुरार थाना क्षेत्र के हाथीखाना रोड चौराहा की रहने वाली है। छाया ने पुलिस को बताया कि उसकी पहचान इंस्टाग्राम के जरिए किसी रोहित सिंह ठाकुर से हुई थी। उसके बाद यह पूरी घटना हुई। 8 दिसंबर 2025 को महिला को एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को कस्टम अधिकारी बताते हुए कहा कि रोहित ठाकुर को मुंबई एयरपोर्ट पर सोना लाते समय पकड़ लिया गया है। उसे छुड़ाने के नाम पर अलग-अलग बहाने बनाकर महिला से पैसे मांगे गए। महिला ने क्यूआर कोड के जरिए रकम ट्रांसफर की। इस तरह आरोपी ने महिला से कुल 16.92 लाख रुपए वसूल लिए।
*गहने गिरवी रखकर जुटाई थी रकम*
महिला ने यह राशि अपने और सास के गहने गिरवी रखकर जुटाई थी। जब इसके बाद भी लगातार पैसों की मांग की जाने लगी, तब उसे ठगी का अहसास हुआ। दो दिन पहले महिला ने हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अब जांच में जुटी है।
