जबलपुर: पश्चिम मध्य रेलवे के विजिलेंस विभाग ने गोंडवाना एक्सप्रेस में कार्रवाई करते हुए तीन टीटीई को करीब 46 हजार रुपए से अधिक की राशि के साथ पकड़े जाने के बाद जहां तीनों टीटीई को सोमवार को ही निलंबित कर दिया गया था वहीं रेल प्रशासन अब उन टीटीई की जानकारी जुटा रहा है, जो लंबे समय से हजरत निजामुद्दीन (दिल्ली) जाने वाली ट्रेनों में ड्यूटी कर रहे थे माना जा रहा है कि शीघ्र ही मंडल रेल प्रशासन टीटीई की ड्यूटी में व्यापक बदलाव कर सकता है।
उल्लेखनीय है कि सोमवार को दिल्ली से जबलपुर पहुंची गोंडवाना एक्सप्रेस में विजिलेंस टीम ने जांच की। ट्रेन के जबलपुर पहुंचने से पहले यात्रियों ने रेलवे अधिकारियों से शिकायत की थी कि टीटीई यात्रियों से जुर्माना और पैसे तो वसूल रहे हैं, लेकिन उन्हें रसीद नहीं दे रहे। जिसके बाद विजिलेंस टीम जबलपुर स्टेशन पर तैनात हो गई और ट्रेन पहुंचते ही तीनों टीटीई की जांच की गई। जांच में टीम को उनके पास घोषित राशि से अधिक नकदी मिली।
हो सकता है बदलाव
सूत्रों की माने तो इस घटना को प्रशासन ने काफी गंभीरता से लिया है टिकट चैकिंग स्टाफ डायरेक्ट यात्रियों के बीच रहता है और वह रेलवे का मुखौटा माना जाता है, ऐसे में टीटीई की छवि का असर रेलवे पर पड़ता है इसीलिए शीघ्र ही टीटीई की ड्यूटी डिटेल में व्यापक बदलाव हो तो आश्चर्य नहीं होना चाहिए वहीं लंबे समय से विभिन्न स्क्वाड में जमे चैकिंग स्टाफ को लाइन ड्यूटी और लाइन ड्यूटी वालों को स्क्वॉड में तैनात किया जा सकता है।
