नयी दिल्ली 30 मार्च (वार्ता) ईरान के ऊर्जा ठिकानों पर अमेरिका और इजरायल की बमबारी से लगी आग से उठे जहरीले धुएं के भारत पर असर की आशंका का अध्ययन करने के लिए विशेषज्ञों की एक टीम का गठन किए जाने की मांग सोमवार को राज्यसभा में की गई।
शिवसेना उद्धव के संजय राउत ने शून्य काल के दौरान यह मामला उठाते हुए कहा कि पश्चिम एशिया संकट के कारण दुनिया भर में ईंधन की समस्या पैदा हो गई है। उन्होंने कहा कि इजरायल के बम ईरान पर गिर रहे हैं लेकिन ईरान के ऊर्जा ठिकानों पर लगी आग से छाए काले धुएं का असर पास पड़ोस में यहां तक की भारत तक भी पहुंचने की आशंका पैदा हो गई है।
उन्होंने कहा कि इस धुएं से गुजरात, राजस्थान और पंजाब आदि राज्यों के विशेष रूप से प्रभावित होने की संभावना है। सदस्य ने कहा कि इस धुएं के भारत पर होने वाले असर का अध्ययन करने के लिए तत्काल पर्यावरण विशेषज्ञों की एक टीम का गठन किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत को इस युद्ध को रुकवाने के लिए भी अंतरराष्ट्रीय समुदाय में जोरदार आवाज उठानी चाहिए।
