सिंगरौली । नगर परिषद सरई में जन विश्वास अभियान के अंतर्गत शिविर का आयोजन किया गया।शिविर में विधायक राजेन्द्र मेश्राम , जिपं सीईओ संघप्रिय, नप अध्यक्ष अनुराधा सिंह एवं भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह की उपस्थिति में विभिन्न शासकीय योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। शिविर को संबोधित करते हुए विधायक राजेन्द्र मेश्राम ने कहा कि जन विश्वास अभियान शासन की महत्वपूर्ण जनहितकारी पहल है। इसका उद्देश्य शासन और आम नागरिकों के बीच विश्वास को और मजबूत करना तथा शासकीय सेवाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक सहजता से पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि नागरिकों को छोटी-छोटी समस्याओं के निराकरण के लिए बार-बार शासकीय कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए स्थानीय स्तर पर ही समस्याओं के समाधान की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नागरिकों की समस्याओं का संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ निराकरण करने तथा शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए। शिविर में विभिन्न विभागों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
