जबलपुर: मंडल रेल प्रबंधक जबलपुर कमल कुमार तलरेजा के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में अंतरराष्ट्रीय लेवल क्रॉसिंग जागरूकता दिवस के अवसर पर मंगलवार 09 जून को जबलपुर रेल मंडल द्वारा विशेष संरक्षा जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य समपार फाटकों के सुरक्षित उपयोग के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाना तथा रेल दुर्घटनाओं की रोकथाम सुनिश्चित करना था।इस अवसर पर सागर–मालखेड़ी रेलखंड के मध्य स्थित समपार फाटक क्रमांक 06, 07, 08 एवं 11 पर नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से सड़क उपयोगकर्ताओं, वाहन चालकों एवं स्थानीय नागरिकों को संरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण संदेश दिए गए।
इसके अतिरिक्त खुरई, जरूआखेड़ा एवं सुमरेरी रेलवे स्टेशनों पर भी नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर यात्रियों एवं आमजन को समपार फाटक संरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही संबंधित नगरों एवं बाजार क्षेत्रों में कलाकारों द्वारा भ्रमण कर जन-जागरूकता अभियान चलाया गया, जिसमें सिविल डिफेंस संस्थान के कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। अभियान में संरक्षा विभाग, यातायात विभाग, इंजीनियरिंग विभाग तथा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। यातायात विभाग से श्री बलवीर मीणा, यातायात निरीक्षक (सागर) सहित इंजीनियरिंग, सिग्नल एवं आरपीएफ विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।
