लुगासी गांव में नशे में धुत्त बेटे ने परिवार और पुलिस पर किया हमला

छतरपुर। जिले के लुगासी गांव में शुक्रवार देर रात शराब के नशे ने रिश्तों की सारी हदें तोड़ दीं। नशे में धुत एक युवक ने पहले अपने ही माता-पिता के साथ मारपीट की और फिर घर लौटते समय उन पर व उनके नाबालिग भतीजे पर जानलेवा हमला कर दिया। हालात इतने बिगड़े कि बीच-बचाव करने पहुंची पुलिस टीम भी हिंसा की चपेट में आ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी रवि अहिरवार शराब के नशे में रात करीब 12 बजे घर पहुंचा और अपने पिता महादेव अहिरवार व मां राजकुमारी से गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगा। जान बचाने के लिए बुजुर्ग दंपती पुलिस चौकी पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के बाद जब वे अपने नाबालिग भतीजे के साथ घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में घात लगाए बैठे आरोपी ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में नाबालिग के सिर पर गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही गिर पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा, लेकिन आरोपी का उग्र रूप यहीं नहीं थमा। आरक्षक जितेंद्र अहिरवार पर भी लाठी से हमला किया गया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। घायल नाबालिग और आरक्षक को जिला अस्पताल छतरपुर में भर्ती कराया गया है, जहां दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

नौगांव थाना प्रभारी वाल्मीकि चौबे ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।

Next Post

वन अमले ने रेस्क्यू कर दुर्लभ वन्य जीव हनी बैजर को जंगल में छोड़ा

Sat Jan 31 , 2026
हटा/दमोह. हटा तहसील अंतर्गत मगरोन में शुक्रवार को एक दुर्लभ वन्य जीव हनी बैजर दिखाई दिया. खेतों और आबादी क्षेत्र के पास इस वन्य जीव को देखे जाने के बाद ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी.सूचना मिलते ही हटा वन परिक्षेत्र अधिकारी ऋषि तिवारी वन अमले के साथ […]

You May Like

Play sound