फोर्स मोटर्स को तीसरी तिमाही में 403 करोड़ का मुनाफा

पुणे, 05 फरवरी (वार्ता) वाहन निर्माता कंपनी फोर्स मोटर्स को चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में 403 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ है जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही से 266 प्रतिशत अधिक है।

देश की सबसे बड़ी वैन निर्माता कंपनी ने बताया कि उसका कुल राजस्व 13 प्रतिशत बढ़कर 2,155 करोड़ रुपये रहा। उसका परिचालन लाभ रिकॉर्ड 401 करोड़ रुपये रहा जो सालाना आधार पर 63 प्रतिशत अधिक है।

कंपनी ने बताया कि ये आंकड़े पिछली तिमाहियों से बेहतर रहे हैं और कंपनी के मजबूत परिचालन मॉडल, प्रोडक्ट पोर्टफोलियो तथा निष्पादन क्षमताओं की पुष्टि करते हैं।

फोर्स मोटर्स लिमिटेड के प्रबंध निदेशक प्रसन फिरोदिया ने कहा, “तीसरी तिमाही का प्रदर्शन मुख्य उत्पाद खंड में मजबूत और स्थिर मांग और पूरे वर्ष बिक्री में आई निरंतर वृद्धि का स्पष्ट प्रमाण है। शेयर्ड मोबिलिटी, रक्षा उपयोगों और निर्यात बाजारों में हमारी बढ़ती मौजूदगी ने इस व्यापक विकास को मजबूती दी है, जिससे परिचालन दक्षता और लाभ अनुपात दोनों में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।”

उन्होंने कहा कि मांग का परिदृश्य लगातार मजबूत बना हुआ है, विशेष रूप से शहर के भीतर और दो शहरों के बीच यात्री परिवहन खंड में। संस्थागत और फ्लीट ग्राहक तेजी से भरोसेमंद, उद्देश्य-आधारित प्लेटफॉर्म को प्राथमिकता दे रहे हैं। मजबूत ऑर्डर और डीलरों के स्तर पर बढ़ती पूछताछ का हवाला देते हुए उन्होंने जनवरी-मार्च तिमाही में स्थिर विकास और प्रदर्शन में निरंतरता की उम्मीद जतायी।

 

 

Next Post

रुपया 13 पैसे मजबूत

Thu Feb 5 , 2026
मुंबई, 05 फरवरी (वार्ता) अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया गुरुवार को 13 पैसे मजबूत हुआ और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 90.34 रुपये का बोला गया। पिछले कारोबारी दिवस पर भारतीय मुद्रा 15 पैसे टूटकर 90.47 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुई थी। रुपया आज पांच पैसे टूटकर 90.52 […]

You May Like