दिल्ली कैपिटल्स को छह विकेट से हराकर आरसीबी ने जीता डब्ल्यूपीएल का खिताब

वडोदरा, 05 फरवरी (वार्ता) कप्तान स्मृति मंधाना (87)और जॉर्जिया वॉल (79) की आतिशी अर्धशतकीय पारियों की बदौलत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने गुरुवार को फाइनल मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स को दो गेंदें शेष रहते छह विकेट से हराकर महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2026 का खिताब अपने नाम किया। यह आरसीबी ने दूसरी बार यह खिताब जीता है।

204 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने दूसरे ही ओवर में ग्रेस हेरिस (नौ) का विकेट गंवा दिया। उसे शिनेल हेनरी ने बोल्ड आउट किया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आयी जॉर्जिया वॉल ने स्मृति मंधाना के साथ मोर्चा संभाला और तेजी के साथ रन बटोरे। दोनों बल्लेबाजों को बीच दूसरे विकेट के लिए 165 रनों की साझेदारी हुई। 17वें ओवर में मिन्नू मनी जॉर्जिया वॉल को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। जॉर्जिया वॉल ने 54 गेंदों में 14 चौके लगाते हुए 79 रनों की पारी खेली। अगले ही ओवर में नंदनी शर्मा ने ऋचा घोष (छह) को आउटकर मैच को रोमांचक बना दिया। 19वें ओवर में हेनरी ने स्मृति मंधाना को बोल्डकर आरसीबी को संकट में डाल दिया। स्मृति मंधाना ने 41 गेंदों में 12 चौके और तीन छक्के उड़ाते हुए 87 रनों की पारी खेली। आरसीबी ने 19.4 ओवर में चार विकेट पर 204 रन बनाकर डब्ल्यूपीएल 2026 का खिताब अपने नाम किया। राधा यादव ने पांच गेंदों में 12 रनों की नाबाद पारी खेली। एन डी क्लार्क पांच गेंदों में सात रन बनाकर नाबाद रही।

दिल्ली कैपिटल्स के लिए शिनेल हेनरी ने दो विकेट लिये मिन्नू मनी, नंदनी शर्मा ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

आज यहां इससे पहले कप्तान जेमिमाह रॉड्रिग्स (57), लॉरा वुलफार्ट ( 44 ) और शिनेल हेनरी (नाबाद 35) की विस्फोटक पारियों के दम पर दिल्ली कैपिटल्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को जीत के लिए 204 रनों का लक्ष्य दिया। आरसीबी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स के लिए लिजेल ली और शेफाली वर्मा की सलामी जोड़ी ने अच्छी शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 49 रन जोड़े। छठें ओवर में अरुंधति रेड्डी ने शेफाली वर्मा 13 गेंदों में 20 रन को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद आठवें ओवर में एन डी क्लार्क ने लिजेल ली को भी आउट कर पवेलियन भेज दिया। लिजेल ली ने 30 गेंदों में तीन चौके और तीन छक्के लगाते हुए 37 रन बनाये। 16वें ओवर में सायली सातघरे ने जेमिमाह रॉड्रिग्स को आउटकर आरसीबी को तीसरी सफलता दिलाई। जेमिमाह रॉड्रिग्स ने 37 गेंदों में आठ चौके लगाते हुए 57 रनों की पारी खेली।

दिल्ली कैपिटल्स ने निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट पर 203 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। वुलफार्ट पारी की आखिरी गेंद पर रनआउट हुई। उन्होंने 25 गेंदों में तीन चौके और दो छक्के लागत हुए 44 रन बनाये। वहीं शिनेल हेनरी ने 15 गेंदों में चार चौके और दो छक्के उड़ाते हुए नाबाद 35 रन बनाये।

आरसीबी के लिए अरुंधती रेड्डी, एन डी क्लार्क और सायली सातघरे ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

 

 

Next Post

मेघालय में अवैध कोयला खदान में विस्फोट से 18 खनिकों की मौत, मुख्यमंत्री ने दिए जांच के आदेश

Fri Feb 6 , 2026
शिलांग, (वार्ता) मेघालय में ईस्ट जयंतिया हिल्स जिले के मायन्संगट थांगक्सो इलाके में गुरुवार को एक अवैध रैट-होल कोयला खदान के अंदर भारी डायनामाइट विस्फोट से कम से कम 18 खनिकों की मौत हो गयी। ईस्ट जयंतिया हिल्स के जिला पुलिस प्रमुख विकास कुमार ने पुष्टि की कि मायन्संगट थांगक्सो […]

You May Like