डिजिटल डकैती, ठगों ने कपड़ा व्यापारी के खाते से 4.65 लाख उड़ाए

शिवपुरी: पिछोर नगर के एक व्यापारी के साथ साइबर ठगों ने ऐसी शातिर चाल चली कि बिना मोबाइल छुए ही उनके खाते से 4.65 लाख रुपये साफ कर दिए गए। ठगों ने व्यापारी का मोबाइल नंबर कॉल फॉरवर्ड पर डाल दिया, जिससे बैंक के तमाम ओटीपी ठगों के पास पहुंचने लगे। जब तक व्यापारी को समझ आता कि उनके फोन पर कॉल आना क्यों बंद हो गए हैं, रात में 6 घंटों के भीतर 10 ट्रांजेक्शन कर ठगों ने बैंक खाते को पूरी तरह खाली कर दिया।

यह पैसा व्यापारी ने अपनी भांजी की शादी में भात ले जाने और बेटे की कॉलेज फीस भरने के लिए जोड़कर रखा था। न्यू कोर्ट के पास पिछोर निवासी कपड़ा व्यापारी बृजेश गुप्ता के साथ सायबर फ्रॉड हो गया। बृजेश गुप्ता का कहना है कि मेरा मोबाइल नंबर किसी ने फॉरवर्ड कर लिया और ओटीपी के जरिए मेरे बैंक खाते से 4 लाख 65 हजार 750 रु. पार कर दिए। रात 12 बजे से लेकर सुबह 6 बजे के बीच 10 ट्रांजेक्शन हुए हैं।
एसबीआई शाखा पिछोर से बैंक स्टेटमेंट निकलवाने के बाद व्यापारी पिछोर थाने पहुंचा। पिछोर थाना पुलिस ने अज्ञात सायबर ठग के खिलाफ बीएनएस की धारा 318 (4) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है। वहीं व्यापारी का कहना है कि योनो एप बंद हो गया था। एक माह पहले उसे चालू कराने की प्रक्रिया कराई थी। यूपीआई आईडी मांगने पर देने से मना कर दिया था। हो सकता है कि एक-दो दिन पहले किसी लिंक या एपीके फाइल पर क्लिक हो गया हो।

Next Post

कोलारस में 2.40 करोड़ की चोरी के सभी आरोपी गिरफ्तार, माल बरामद

Fri Jan 30 , 2026
शिवपुरी: कोलारस पुलिस ने सराफा व्यापारी की दुकान में हुयी चोरी के मामले में कार्यवाही करते हुए चौथे आरोपी जानकीलाल रावत को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 9 किलो 128 ग्राम चांदी कीमत करीब 32 लाख रुपये जब्त कर न्यायालय में पेश किया। फरियादी गिरीश कुमार जैन निवासी सदर बाजार […]

You May Like