शादी में बाराती भिड़े; घायल बाराती को देख दूल्हा बोला,ऐसी जगह नहीं करूंगा शादी

सीधी: जिले के रामपुर नैकिन जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम कुसमहर में बुधवार शाम एक विवाह समारोह में शामिल होने आए बाराती पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल बाराती को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी के अनुसार थाना मझौली अंतर्गत ग्राम जोबा से आए रूपनारायण की बारात जैसे ही कुसमहर पहुंची, वहां किसी बात को लेकर घराती पक्ष के दो गुटों के बीच विवाद शुरू हो गया।

देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट होने लगी।उसी दौरान बगल में खड़े बाराती प्रिंस सिंह भी इस झगड़े की चपेट में आ गए।कुछ अज्ञात हमलावरों ने पीछे से सिर पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके सिर से काफी खून बहने लगा। परिजन व साथी उन्हें बाइक से जिला अस्पताल सीधी पहुंचाया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और इलाज जारी है।

घटना के प्रत्यक्षदर्शी व बाराती प्रशांत सिंह ने बताया कि विवाद घराती पक्ष के ही दो समुदायों के बीच हो रहा था।प्रिंस सिंह विवाद में शामिल नहीं थे लेकिन भीड़ में फंसने की वजह से उनके साथ भी मारपीट हो गई।घटना के बाद घायल बाराती को देख दूल्हा खुद स्तब्ध रह गया और शादी करने से इंकार कर दिया।उसने कहा कि जहां बारातियों के साथ मारपीट हो, वहां शादी नहीं करना चाहता। काफी समझाइश और गांव के बुजुर्गों की पहल पर आखिरकार शादी की सहमति बनी ।
इनका कहना है
मामले की शिकायत प्राप्त हो चुकी है,घायल को अस्पताल भेजा गया है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। जल्द ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दीपक सिंह बघेला
थाना प्रभारी, थाना मझौली

Next Post

इंदौर में चार माह में 93 रेप और 245 अपहरण के प्रकरण दर्ज हुए

Thu May 15 , 2025
इंदौर:शहर में अपराधों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है, जिसमें रेप और अपहरण जैसे गंभीर अपराधों में भी तेजी से वृद्धि हो रही है. इस साल के पहले चार महीनों में 93 रेप और 245 अपहरण के मामले दर्ज किए गए हैं. शहर में हत्याओं, हत्या के प्रयास, लूट […]

You May Like