पचोर। गुरुवार की दोपहर को पचोर स्थित विद्युत मंडल कार्यालय में लापरवाही पूर्वक सुरक्षा गार्ड की बंदूक से चली गोली लगने से विद्युत विभाग का लाइनमेन घायल हो गया.
पुलिस के अनुसार लाइनमेन रामबाबू पिता रामचंद्र सोंधिया निवासी सुरजखेड़ी तथा अजय पिता नंदकिशोर बैरागी निवासी नरसिंहगढ़ वर्तमान पदस्थापना पचोर है साथ में बैठे हुए थे. उक्त स्थान पर तैनात सुरक्षा गार्ड भगवानसिंह दांगी द्वारा अपनी लाइसेंसी 12 बोर बंदूक को कोने में टिकाकर रखा हुआ था. इसी दौरान अजय द्वारा उतावलेपन एवं लापरवाही से उक्त बंदूक को उठाकर रामबाबू की ओर कर ट्रिगर दबा दिया गया, जिससे रामबाबू के दाहिने हाथ की भुजा में गोली लग गई. जिसे तत्काल शासकीय अस्पताल पचोर लाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर उपचार हेतु अपोलो अस्पताल इंदौर रेफर किया गया. जहां उपचार जारी है.
घटना की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी द्वारा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के.एल. बंजारे एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सारंगपुर अरविंद सिंह को आवश्यक वैधानिक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया. फरियादी की रिपोर्ट पर थाना पचोर में धारा 125-ख बीएनएस, 25, 30 आर्म्स एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है. घटना की गंभीरता एवं लापरवाही को दृष्टिगत रखते हुए आरोपी सुरक्षा गार्ड की लाइसेंसी 12 बोर बंदूक के लाइसेंस को निरस्त किए जाने हेतु जिला दण्डाधिकारी को पत्र प्रेषित किया गया है. पुलिस ने घायल के बयान के आधार पर गोली चलाने वाले अजय के साथ-साथ हथियार की सुरक्षा में गंभीर लापरवाही बरतने वाले गार्ड भगवानसिंह दोनों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है. घटना में प्रयुक्त बंदूक जप्त कर ली गई है.
