

भोपाल। भारत माता चौराहे के पास बनी एक बिल्डिंग के चौथे फ्लोर पर बुधवार को आग लग गई. बिल्डिंग से निकलने वाली आग की लपकों से हड़कंप की स्थिति बन गई. बिल्डिंग में रहने वाले लोग तुरंत ही भाग कर बाहर निकल आए और पूरी बिल्डिंग लोगों से खाली करा दी गई. घटना की सूचना पर तीन फायर स्टेशन से दमकल की गाडियां मौके पर भेजी गई. फायर बिग्रेड की टीम के लगभग 15 कर्मियों ने लगभग दो घंटे तक आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत की और आग पर काबू पाया. इस हादसे में किसी भी शख्स के झुलसने की जानकारी सामने नहीं आई है. बिल्डिंग में आग किन कारणों से लगी फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है.
मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार को देर शाम चौराहे के पास बनीं बहुमंजिला इमारत की चौथे फ्लोर पर आग लग गई. आग जिस फ्लोर के कमरे में लगी वह स्टोर रूम के तौर पर उपयोग किया जाता है, जिसमें सभी घरेलू सामान रखे थे. कमरे में फर्नीचर का सामान ज्यादा होने के चलते आग लगातार बढ़ती गई और विकराल रूप ले ली. हादसे के दौरान करीब 2 किमी दूर तक धुआं फैला नजर आया. घटना की सूचना लोगों ने तुरंत ही फायर बिग्रेड़ को दी. मौके पर पहुंची टीम ने आग पर काबू पाया.
घटना के दौरान बिल्डिंग में रहने वाले लोगों के अनुसार आग लगने से पहले जोरदार धमाके की आवाज लोगों ने सुनीं. इस अनुमान लगाया जा रहा है कि जिस कमरे में एयर कंडीशनर लगा था, वह अचानक से ब्लास्ट हुआ होगा. एयर कंडीशनर के फटने के चलते बिल्डिंग में संभवतः आग लगी, हालांकि इसकी पूरी तरह से पुष्टि नहीं की जा सकी है. घटना की जांच भी की जा रही है.
