छिंदवाड़ा। राज्यपाल मंगुभाई पटेल आज तामिया क्षेत्र के ग्राम भोडिय़ापानी पहुंचे और वहां आयोजित संवाद कार्यक्रम में भारिया जनजातीय समुदाय के लोगों से आत्मीय संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने जनजातीय समाज के उत्थान के लिए संचालित पीएम जनमन अभियान, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, आदि कर्मयोगी अभियान सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं अभियानों की जानकारी देते हुए जनजातीय समुदाय से इन योजनाओं का पूरा लाभ उठाने की अपील की। साथ ही अधिकारियों को इन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से ही जनजातीय समुदाय का संपूर्ण एवं सर्वांगीण उत्थान संभव है। इस दौरान उन्होंने भारिया हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितलाभ भी वितरित किए। राज्यपाल श्री पटेल ने प्रधानमंत्री जनमन अभियान एवं धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत पात्र परिवारों को योजनाओं का लाभ समय पर और गुणवत्ता के साथ दिलाया जाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल श्री पटेल ने सिकलसेल और क्षय रोग जैसी गंभीर बीमारी पर भी चर्चा की और इसके समय पर परीक्षण, उपचार एवं जागरूकता की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने आत्मीय संवाद करते हुए सिकलसेल और क्षय रोग के मरीजों को शासन द्वारा उपलब्ध दवाइयों का नियमित सेवन करने का संदेश दिया और स्वास्थ्य लाभ प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया।
