
नीमच। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नीमच सिटी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 100.8 ग्राम एमडी ड्रग्स और 10 किलो 610 ग्राम डोडाचूरा बरामद किया है। मादक पदार्थों के परिवहन में प्रयुक्त ब्रेजा कार और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, जब्त मादक पदार्थों का मूल्य 11 लाख 5 हजार रुपये बताया गया है, जबकि कार और मोबाइल सहित कुल जब्त सामग्री का मूल्य 21 लाख 30 हजार रुपये है।
मनासा नाका पर घेराबंदी कर पकड़े आरोपी
पुलिस के अनुसार, मुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर प्रदेशभर में नशे तथा मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध 15 दिवसीय विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल और नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन में नीमच सिटी थाना प्रभारी विजय सागरिया के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
1 नवंबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मनासा नाका क्षेत्र में नाकाबंदी की। इस दौरान ब्रेजा कार क्रमांक एमपी 44 जेडडी 3819 की तलाशी लेने पर उसमें से एमडी ड्रग्स और डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने वाहन में सवार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मादक पदार्थ जब्त किए तथा उनके विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया।
दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में श्रवण पिता दुर्गालाल सुरावत बंजारा (42), निवासी ग्राम रायसिंहपुरा, थाना नीमच सिटी तथा मुबिन पिता रशीद मंसूरी (39), निवासी डाक बंगले के पास, राजीव नगर, नीमच सिटी को गिरफ्तार किया है।
तस्करी के स्रोत का पता लगाने में जुटी पुलिस
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 100.8 ग्राम एमडी ड्रग्स, 10 किलो 610 ग्राम डोडाचूरा, एक सफेद रंग की ब्रेजा कार और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री का कुल मूल्य 21 लाख 30 हजार रुपये आंका गया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर मादक पदार्थों के स्रोत तथा इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
