
इटारसी। नगर पालिका परिषद के अतिक्रमण दल और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने आज शहर के मुख्य बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने और अमानक (प्रतिबंधित) पॉलीथिन के खिलाफ एक विशेष अभियान चलाया।
नपा की टीम ने मोहन काका चौराहा, सिंधी मार्केट, चावल लाइन, तुलसी चौक, मंडी पेटी बाजार और फल बाजार क्षेत्र का मुआयना किया। इस दौरान टीम ने दुकानदारों को सार्वजनिक मार्गों से अपना अतिक्रमण हटाने की सख्त समझाइश दी और सड़क पर फैले सामान को हटवाया। इसके साथ ही दुकानों की जांच कर प्रतिबंधित अमानक पॉलीथिन जब्त की गई।
विभागीय जानकारी के अनुसार, इस विशेष अभियान के तहत नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के कुल 12 चालान बनाए गए, जिनसे मौके पर समन शुल्क राशि वसूल की गई। इसके अलावा विभिन्न दुकानों से लगभग 2 किलोग्राम अमानक पॉलीथिन भी जब्त की गई। नगर पालिका प्रशासन ने व्यापारियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे प्रतिबंधित पॉलीथिन का उपयोग पूरी तरह बंद करें और सड़कों पर अतिक्रमण न करें, ताकि शहर को साफ, सुंदर और व्यवस्थित रखा जा सके।
