सतना: सतना-रीवा नेशनल हाईवे पर मंगलवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। यह घटना जिले के रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र अंतर्गत हर्ष नगर करही में हुई। गेहूं से लदी एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसके बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बैरिहा गांव निवासी उमेश सिंह (40 वर्ष) अपनी पत्नी राजकली सिंह (38 वर्ष) के साथ बाइक से कहीं जा रहे थे। हर्ष नगर करही के पास सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक सवार दंपति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में ट्रैक्टर ड्राइवर संदीप कोल (32 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही रामपुर बाघेलान थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। वहीं इस घटना की खबर मिलते ही बैरिहा गांव सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
