गणतंत्र दिवस पर कितनी सतर्क है पुलिस..

सतना : पुलिस द्वारा गणतंत्र दिवस से पूर्व सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर व्यापक जांच अभियान चलाया जाता है, जिससे किसी भी तरह की असजह स्थिति से समय रहते निबटा जा सके. लेकिन कोतवाली और यातायात थाने की पुलिस गणतंत्र दिवस पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कितनी सजग है इसकी तस्दीक इस बात से की जा सकती है कि सूचना मिलने के बावजूद भी जिला चिकित्सालय के गेट के निकट पिछले 3 दिन से लावारिस खड़ी बाइक की सुध लेने की आवश्यकता नहीं समझी गई.

प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला चिकित्सालय के मुख्य गेट के निकट स्थिति बिजली के खंबे के बगल में किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा 23 जनवरी को एक मोटरसाइकिल खड़ी कर दी गई थी. लेकिन 3 दिन बीतने के बावजूद भी वह बाइक वहीं की वहीं खड़ी है और उसे लेने के लिए कोई नहीं आया. जिला अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर लावारिस बाइक को पिछले 3 दिन से खड़ा देख आस पास के दुकानदारों के बीच सुगबुगाहट होने लगी.

इसी दौरान रविवार की दोपहर जब सिटी कोतवाली थाना प्रभारी रावेंद्र द्विवेदी उक्त मार्ग से गुजरे तो स्थानीय दुकानदार द्वारा सडक़ किनारे खड़ी बाइक की ओर इशारा करते हुए जानकारी दी गई. लेकिन टीआई साहब ने यह कहते हुए पल्ला झाड़ लिया कि ठीक है दिखवाते हैं. सिटी कोतवाली की ओर से कोई कार्रवाई होती न देख मामले की सूचना यातायात थाना प्रभारी पंकज शुक्ला को दी गई. लेकिन उन्होंने भी इस पर तवज्जो देना जरुरी नहीं समझा.

यह देखते हुए स्थानीय लोगों से लावारिस खड़ी बाइक से दूरी बनाए रखने में ही अपनी भलाई समझी. उक्त बाइक के वहां पर पिछले 3 दिन से लावारिस हालत में खड़े रहने के पीछे का कारण कुछ भी हो. लेकिन गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर कोतवाली और यातायात थाना पुलिस के जिम्मेदारों का यह बेपरवाह रवैया लोगों के गले नहीं उतर रहा है.

Next Post

कल जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक, स्वास्थ्य केंद्रों की कमियों और निर्माण कार्यों पर होगी चर्चा

Mon Jan 26 , 2026
भोपाल। जिला स्वास्थ्य समिति की मासिक बैठक 27 जनवरी को कलेक्टर की अध्यक्षता में आयोजित की जाएगी। बैठक में जिले के सभी शासकीय स्वास्थ्य केंद्रों में मौजूद कमियों, मरीजों के उपचार के दौरान आ रही समस्याओं और अस्पतालों में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। मुख्य […]

You May Like